{"_id":"65858834c4cd23de870c10ab","slug":"pran-pratishtha-hotel-booking-done-through-portal-and-app-on-january-22-will-be-canceled-2023-12-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्राण प्रतिष्ठा: 22 जनवरी को पोर्टल और एप से हुई होटल बुकिंग होगी कैंसिल, नहीं रुक सकेंगे अयोध्या में","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
प्राण प्रतिष्ठा: 22 जनवरी को पोर्टल और एप से हुई होटल बुकिंग होगी कैंसिल, नहीं रुक सकेंगे अयोध्या में
Fri, 22 Dec 2023 11:02 PM IST
रोहित मिश्र
अमर उजाला संवाद, अयोध्या
अमर उजाला संवाद, अयोध्या
Published by: रोहित मिश्र
Updated Fri, 22 Dec 2023 11:02 PM IST
सार
सीएम योगी ने बृहस्पतिवार को यहां समीक्षा बैठक के दौरान कहा था कि प्राण प्रतिष्ठा के दिन वही लोग अयोध्या में आ सकेंगे, जिनके पास निमंत्रण पत्र है। या जो सरकारी ड्यूटी पर तैनात हैं।
विज्ञापन
22 जनवरी के लिए ज्यादातर होटलों के कमरों की बुकिंग ऑनलाइन पोर्टलों से हुई है।
- फोटो : FAIZABAD
विस्तार
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान अयोध्या में रुकने के जुगाड़ में जिन लोगों ने यहां के होटलों में कमरों की बुकिंग करा ली है, उन्हें बुकिंग कैंसिल करानी होगी। 22 जनवरी और उससे एक दो दिन आगे-पीछे सिर्फ उन्हीं लोगों के ठहरने का इंतजाम रहेगा, जो ट्रस्ट की तरफ से आमंत्रित हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से यहां के होटलों के 90 फीसदी कमरों की ऑनलाइन बुकिंग मेक माई ट्रिप, गोआईबीबो व यात्रा डॉट कॉम जैसे एप, पोर्टल व वेबसाइट से हुई है। फिलहाल स्थानीय होटल संचालकों ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तारीख के लिए होटल के कमरों की ऑफलाइन बुकिंग बंद कर दी है। इन्हें अब राम मंदिर ट्रस्ट, प्रशासन व पुलिस की नई गाइडलाइन आने का इंतजार है।
विज्ञापन
सीएम योगी ने बृहस्पतिवार को यहां समीक्षा बैठक के दौरान कहा था कि प्राण प्रतिष्ठा के दिन वही लोग अयोध्या में आ सकेंगे, जिनके पास निमंत्रण पत्र है। या जो सरकारी ड्यूटी पर तैनात हैं। इनके अलावा अन्य के आने पर रोकथाम की जाए। इस निर्देश के बाद यहां के होटल संचालकों में खलबली मच गई है। शहर के प्रमुख होटल व्यवसायी अरुण अग्रवाल ने बताया कि 22 जनवरी के लिए ज्यादातर होटलों के कमरों की बुकिंग ऑनलाइन पोर्टलों से हुई है। इनके माध्यम से यहां के होटल संचालकों के पास अभी तक सिर्फ संदेश आया है कि उनके कितने कमरे बुक रहेंगे।ऑनलाइन बुकिंग में ग्राहक पैसों का लेन-देन संबंधित पोर्टल या वेबसाइट से करता है।
विज्ञापन
जब वह बुकिंग वाली तिथि पर चेक इन करता है, तब होटल के खाते में भुगतान आता है। इसमें यह सुविधा भी होती है कि यदि कोई अतिथि चाहे तो एक दिन पहले बुकिंग निरस्त कर सकता है। ऐसे में कुछ पैसों की कटौती करने के बाद बाकी रकम उन्हें वापस मिल जाती है। ऐसे में अब यदि प्रशासन को प्राण प्रतिष्ठा की तारीख में हुई बुकिंग निरस्त करानी है तो इन पोर्टल व वेबसाइट से संपर्क करना होगा। या फिर बुकिंग कराने वालों से अपील करनी हो कि वे खुद निरस्त करा लें। इसमें स्थानीय होटलों की कोई खास भूमिका नहीं होगी। उधर, फैजाबाद होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष निरंकार सिंह ने कहा कि हम राम मंदिर ट्रस्ट, प्रशासन व पुलिस की नई गाइडलाइन के अनुसार आगे का कदम उठाएंगे।
विज्ञापन