लखनऊ: 1.36 करोड़ की ठगी के मामले में शिल्पा शेट्टी को राहत, पूर्व मैनेजर सहित आठ पर गिर सकती है गाज
विभूतिखंड निवासी ज्योत्सना ने शिल्पा शेट्टी की कंपनी आयोसिस वेलनेस सेंटर की फ्रेचांइजी देने के नाम पर ठगी और पूरी रकम लेने के बाद घटिया सामान आपूर्ति का आरोप लगाकर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विभूतिखंड निवासी ज्योत्सना ने शिल्पा शेट्टी की कंपनी आयोसिस वेलनेस सेंटर की फ्रेचांइजी देने के नाम पर ठगी और पूरी रकम लेने के बाद घटिया सामान आपूर्ति का आरोप लगाकर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में शिल्पा शेट्टी ने पीड़ित महिला के फ्रेचांइजी लेने से पहले ही कंपनी छोड़ देने के साक्ष्य पुलिस को दिए हैं।
इसके आधार पर पुलिस ने उनका नाम केस से हटा दिया है। हालांकि कंपनी की डायरेक्टर व शिल्पा की सहयोगी रहीं किरण बाबा को अभी क्लीन चिट नहीं दी है। पुलिस ने इस केस में कंपनी से जुड़े आठ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट लगा दी है। जल्द ही पुलिस टीम दोबारा किरण बाबा को नोटिस भेजकर बयान दर्ज कराने के लिए लखनऊ बुला सकती है।
पुलिस ने केस दर्ज होने के बाद 11 अगस्त को बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और किरण बाबा को मुंबई जाकर घर में नोटिस दिया था। साथ ही कंपनी के आरोपी विनय भसीन, अनामिका चतुर्वेदी, ईशरफील धरमजवाला, आशा और पूनम झा से पूछताछ की थी।
शिल्पा की पूर्व मैनेजर समेत सात के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
डीसीपी पूर्वी संजीव सुमन के मुताबिक, शिल्पा शेट्टी व उनकी मां सुनंदा शेट्टी के ठगी से पहले कंपनी छोड़ने के कारण केस से उनका नाम हटा दिया गया है। जबकि अन्य आठ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की गई है। विवेचना चिनहट के बीबीडी चौकी प्रभारी अजय शुक्ला कर रहे हैं।
अजय के मुताबिक, साक्ष्यों के आधार पर कंपनी से जुड़े विनय भसीन, दर्शन, अनामिका चतुर्वेदी, पूनम कुमारी झा, ईशरफील धरमजवाला, आशा शेट्टी और नवनीत सुजलाना के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई है। किरण बाबा के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले हैं। उन्हें दोबारा नोटिस दिया जाएगा। उनको लखनऊ बुलाया जा सकता है। साक्ष्य न दे पाने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शिल्पा ने दिया जवाब, 2017 में ही छोड़ दी थी कंपनी
विवेचक अजय शुक्ल के मुताबिक, सितंबर के पहले सप्ताह में शिल्पा व उनकी मां की तरफ से वकील के माध्यम से जवाब आया था जिसमें उन्होंने कंपनी के 2017 के अंत में ही छोड़ देने की बात कही थी। इसके साक्ष्य भी उन्होंने प्रस्तुत किए थे। इस आधार पर उन्हें मुकदमे से संदिग्ध लोगों की लिस्ट से हटा दिया गया।
गोमतीनगर की ज्योत्सना ने लगाए थे गंभीर आरोप
गोमतीनगर निवासी पीड़िता ज्योत्सना ने आरोप लगाया था कि आयोसिस कंपनी का प्रमोशन करते हुए किरण बाबा ने शिल्पा के साथ कई वीडियो दिखाकर झांसे में लेकर कंपनी की फ्रेंचाइजी दिलवा दी। इसके चलते अप्रैल 2019 में विभूतिखंड के रोहतास प्रेसिडेंशियल आर्केड में 1300 वर्ग फीट की दुकान किराये पर लेकर सेंटर की शुरुआत कर दी।
कंपनी ने वादा किया था कि वेलनेस सेंटर का उद्घाटन करने शिल्पा आएंगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शिल्पा को बुलाने के लिए 11 लाख रुपये मांगे गए थे। ज्योत्सना के मुताबिक, इसके बाद सेंटर पर किरण बाबा ने कब्जा कर लिया। ज्योत्सना उस सेंटर पर 1.36 करोड़ का निवेश कर चुकी थीं। इसके बाद उन्होंने 19 जून 2020 को विभूतिखंड थाने में सभी के खिलाफ केस दर्ज कराया था। थाने से कार्रवाई न होने पर जांच चिनहट थाना को दी गई।
घर गिरवी रखकर लिया था लोन
ज्योत्सना एयरटेल में नौकरी करती थीं। उनके पति आनंद कुमार राणा कोर्ट में जॉब करते हैं। शिल्पा की कंपनी में इनवेस्ट कर अच्छी आमदनी के लालच में दोनों ने अपनी जमा पूंजी लगा दी। रुपये कम पड़े तो आशियाना स्थित मकान गिरवी रखकर स्टेट बैंक से 75 लाख रुपये लोन भी लिया लेकिन सेंटर बंद होने के बाद उनकी पूरी पूंजी डूब गई और लोन का ब्याज हर माह बढ़ता जा रहा है।