सागर: पेट्रोल पंप पर बीड़ी पीने से रोका तो मचाया तांडव, कर्मचारी से मारपीट के बाद संचालक के घर में तोड़फोड़
खुरई के पेट्रोल पंप पर बीड़ी पीने से रोकना तीन युवकों को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने कर्मचारी से मारपीट कर दी। आरोप है कि इसके बाद युवक संचालक के घर में घुस गए और टीवी व पेट्रोल पंप की मशीन में तोड़फोड़ कर दी।
विस्तार
जिले के खुरई में सागर नाका चौराहा स्थित एक पेट्रोल पंप पर बीड़ी पीने से रोकना युवकों को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने जमकर हंगामा करते हुए तोड़फोड़ कर दी। जानकारी के अनुसार शनिवार-रविवार की दरमियानी रात बाइक सवार तीन युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ मारपीट की और बाद में संचालक के घर में घुसकर टीवी समेत पेट्रोल पंप की मशीन में तोड़फोड़ कर दी। घटना में लाखों रुपए के नुकसान की बात सामने आई है। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पेट्रोल पंप संचालक सुरेश यादव की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार कर्मचारी जितेंद्र राजपूत पंप पर वाहनों में पेट्रोल भर रहा था। इसी दौरान मोहित, योगेश और अत्रु अहिरवार बाइक से पेट्रोल भरवाने पहुंचे।
ये भी पढ़ें: शहडोल: उफनती कसेड़ नदी में युवक की स्टंटबाजी, जान जोखिम में डालकर पुल पार किया, प्रशासन की अपील भी बेअसर
आरोप है कि बाइक पर बैठे योगेश ने पेट्रोल पंप परिसर में ही बीड़ी पीना शुरू कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर जब कर्मचारी जितेंद्र ने उसे बीड़ी पीने से रोका तो तीनों युवक भड़क गए। उन्होंने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और जितेंद्र के साथ मारपीट करने लगे। मारपीट में जितेंद्र के नाक, बाएं हाथ, हथेली और दाहिने पैर में चोट आई है। आरोप है कि इसके बाद तीनों युवक कर्मचारी का पीछा करते हुए पेट्रोल पंप संचालक के घर तक पहुंच गए और घर में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। हमलावरों ने घर में रखी टीवी और पेट्रोल पंप की मशीन को नुकसान पहुंचाया। इससे लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे तीन अन्य लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालक सुरेश यादव ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पेट्रोल पंप और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान, घटनाक्रम और मारपीट व तोड़फोड़ की पूरी स्थिति की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
