अयोध्या: दिल्ली के कुख्यात कालिया गिरोह ने की थी 16.22 लाख की लूट, छह आरोपी गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाईवे पर दिनदहाड़े नवरंग पेट्रोल पंप का कैश लेकर जा रही स्कूल बस से बीती 11 फरवरी को थाना कैंट के कोटसराय ओवरब्रिज के पास हुई 16.22 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। अयोध्या से लेकर दिल्ली तक हुई जांच में सामने आया है कि लूट की वारदात को अंजाम देने वाला दिल्ली का कुख्यात कालिया गिरोह था।
मगर, मुख्य सूत्रधार पेट्रोल पंप मालिक की उस स्कूली बस का ड्राइवर निकला, जिससे पेट्रोल पंप का कैश बैंक भेजा जा रहा था। पुलिस ने लूट में शामिल गिरोह के छह आरोपियों को आठ लाख रुपये समेत गिरफ्तार किया है। लेकिन शातिर कालिया समेत दो बदमाश अभी पकड़ से दूर हैं।
वारदात का खुलासा करते हुए एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने बताया कि नवरंग पेट्रोल पंप का कैश लेकर जा रही स्कूली बस से हुई लूट की योजना पंप मालिक के स्कूल बस के ड्राइवर शुभम निवासी पूरे बसहा थाना रौनाही ने बनाई थी। उसने अपने गांव के साथी टिट्टू सिंह के साथ मिलकर टीपू सुलतान निवासी मिर्जापुर कोतवाली अयोध्या, शेरू कुरैशी निवासी कसाबबाड़ा कोतवाली नगर से संपर्क किया।
इसके बाद सबने दिल्ली के सुंदर नगरी निवासी कुख्यात अपराधी कालिया से संपर्क कर उसे बताया कि इस लूट में उन्हें एक करोड़ रुपये तक मिल सकता है। इसके बाद लूट की घटना से करीब 10 दिन पहले कालिया के साथ आए जमील उर्फ बबलू निवासी नेहरू बिहार भजनपुरा थाना खजूरी दिल्ली, अबरार अहमद निवासी अलवी नगर थाना लोरी गाजियाबाद, जाबिर निवासी मिर्जापुर माफी कोतवाली अयोध्या व लालजी गौड़ निवासी मकबरा कोतवाली नगर, अयोध्या के साथ मिलकर कसाबबाड़ा स्थित मकान में लूट की योजना बनाई।
इसके बाद बाइक पर सवार होकर बस से लूट का असफल प्रयास किया। बस की रफ्तार तेज होने से वह नाकाम रहे। इसके बाद कालिया दिल्ली से एक चोरी की कार लेकर अयोध्या आया और नौ फरवरी से लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में था।
ड्राइवर ने दी थी स्कूल बस से कैश ले जाने की सूचना
11 फरवरी को पेट्रोल पंप पर मौजूद शुभम ने इन सभी को स्कूल बस से कैश ले जाने की सूचना दी। जिसके बाद हाईवे पर मौजूद कार पर सवार कालिया, जमील, टीपू, अबरार, जुबैद व जाबिर बस के पीछे लग गए, जबकि शुभम व टिट्टू बाइक से पीछे मौजूद रहे।
इन लुटेरों ने कोटसराय ओवरब्रिज के पास स्कूल बस को ओवरटेक कर रोका, जिसके बाद टीपू ने ड्राइवर व कैशियर को तमंचा सटा दिया। बाकी बदमाश उससे 16.22 लाख रुपये से भरा बैग लूट कर फरार हो गए।
पेट्रोल पंप के सीसीटीवी से पता चली बस ड्राईवर की संलिप्तता
एसएसपी ने बताया कि पेट्रोल पंप की सीसीटीवी फुटेज में कई बार शुभम की तस्वीर दिखने पर उसे शक के आधार पर उठाया गया। उससे सख्ती से पूछताछ की गई, लेकिन वह कई दिनों तक पुलिस को बरगलाता रहा पर पुलिस की सख्ती और मोबाइल फोन की कॉल डिटेल से वारदात में उसकी संलिप्तता उजागर हुई।
पुलिस ने शनिवार की रात करीब 11:50 बजे हाईवे पर स्थित फौजी ढाबा के पास से टीपू, जमील, अबरार, जाबिर, लालजी व शुभम को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से लूट में प्रयोग की गई कार, आठ लाख रुपये, दो तमंचे बरामद हुए। पुलिस को अभी कालिया व टिट्टू की तलाश है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.