नकली खाद बनाने की फैक्टरी पकड़ी, पुलिस चौकी से 200 मीटर की दूरी पर चल रहा था गोरखधंधा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ में सरोजनीनगर पुलिस ने रविवार को कानपुर रोड स्थित नादरगंज इंडस्ट्रियल एरिया में नकली खाद बनाने की फैक्टरी पकड़ी। फैक्टरी से 200 मीटर की दूरी पर नादरगंज पुलिस चौकी है। पुलिस ने 54 बोरी नकली खाद व 66 बोरी पोटाश के साथ ब्रांडेड कंपनियों की सैकड़ों खाली बोरियां बरामद की। साथ ही फैक्टरी में काम कर रहे तीन मजदूरों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली खाद पैक की जा रही थी। जिला कृषि अधिकारी की मौजूदगी में फैक्टरी को सील करने के साथ खाद के नमूने भी ले लिए गए हैं।
सरोजनीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रर्मेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि इलाके के ही गिंदनखेड़ा के पास अमौसी औद्योगिक क्षेत्र में एक गोदाम के अंदर नकली खाद बनाने का धंधा चल रहा है। पुलिस ने छापा मारा तो गोदाम के अंदर तीन मजदूरों के अलावा काफी तादाद में ब्रांडेड खाद कंपनियों की खाली और भरी बोरियां मिलीं। तीनों मजदूरों को हिरासत में लेने के साथ ही इसकी सूचना एसडीएम सरोजनीनगर प्रफुल्ल त्रिपाठी को दी।
गिंदन खेड़ा निवासी का है गोदाम
बाद में एसडीएम से सूचना पाकर जिला कृषि अधिकारी ओम प्रकाश मिश्रा भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोदाम में छानबीन की गई तो वहां आईपीएल खाद कंपनी की 66 बोरियों में भरी पोटाश, इफ को कंपनी की 54 बोरियों में भरी डीएपी खाद, बोरो इंटरनेशनल कंपनी की 22 बोरियों में सिल्वर सुपर फास्फेट और दयाल कंपनी की बोरियों में भरी मोनो जिंक व सल्फर के भारी मात्रा में पैकेट बरामद हुए।जबकि आईपीएलए इफको, चंबल और उत्तम आदि ब्रांडेड खाद कंपनियों की काफी संख्या में खाली बोरियां भी बरामद हुईं। नमक और गेरू के अलावा नमक व गुलाबी रंग का मिश्रण भी बरामद हुआ। जो खाद बनाने में इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने दो बाइकों को कब्जे में लिया है।
पुलिस ने मजदूरों से पूछताछ की तो उन्होंने अपना नाम उन्नाव के सोहरामऊ अंतर्गत ओगरा पुर निवासी सगे भाई नीरज रावत व सूरज रावत और सरोजनीनगर के ही हड़ाईन खेड़ा अमौसी निवासी सर्वेश कुमार गौतम बताया। तीनों ने पूछताछ में कुबूला कि कंपनी में काम करने के लिए सोहरामऊ के चौपई निवासी लेबर ठेकेदार पवन यादव लाया था और वह पांच दिनों से काम कर रहे थे। फिलहाल पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि छानबीन में पता चला कि कंपनी मालिक राजधानी के ही राजा बाजार इलाके का रहने वाला है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि उक्त गोदाम यहीं के गिंदन खेड़ा निवासी नंदकिशोर यादव का है। इसे किराए पर लेकर एक हिस्से में कुछ दिनों से नकली खाद बनाने का कारोबार किया जा रहा था। वहीं, लोगों ने बताया कि धंधा एक साल से चल रहा था। वहीं, जिला कृषि अधिकारी ओम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि बरामद नकली खाद के नमूने ले लिए गए हैं। जिन्हें प्रयोगशाला भेजकर जांच कराई जाएगी। जांच के बाद इस मामले में दोषी पाए जाने वाले कंपनी मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।