दरोगा भर्ती 2016: काम न आएंगे मुन्नाभाई, हर स्तर पर बायोमेट्रिक जांच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में दरोगा सीधी भर्ती 2016 के लिए चल रही ऑनलाइन परीक्षा में अब तक आधा दर्जन से अधिक मुन्ना भाई पकड़े जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के चेयरमैन जीपी शर्मा ने बताया कि इतनी कड़ाई के बाद भी कुछ अभ्यर्थियों को लग रहा है कि वह सॉल्वर के सहारे परीक्षा पास करने में सफल हो जाएंगे। लेकिन ऐसा नहीं है।
बायोमेट्रिक सिर्फ ऑनलाइन परीक्षा के लिए ही नहीं बल्कि डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट के दौरान भी होगा। इसका मिलान पिछले बायोमेट्रिक से कराया जाएगा। मिलान न होने पर उसे डिस्क्वालीफाई कर दिया जाएगा। कोई सॉल्वर के माध्यम से परीक्षा पास भी कर लेता है तो वह आगे नहीं बढ़ पाएगा। ऐसे में अगर सॉल्वर ही डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराता है और फिजिकल परीक्षा देता है, तो उसे ही नौकरी मिलेगी।
इलाहाबाद और मेरठ में पकड़े गए आधा दर्जन सॉल्वर
जीपी शर्मा की मानें तो अब तक आधा दर्जन से अधिक साल्वर पकड़े जा चुके हैं। इसमें इलाहाबाद में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने की कोशिश कर रहे आधा दर्जन साल्वर गैंग के सदस्य पकड़े जा चुके हैं। इसके अलावा एक मुन्नाभाई मेरठ भी पकड़ा जा चुका है।
तीन सौ से अधिक अभ्यर्थियों की परीक्षा छूटी
वहीं भर्ती बोर्ड के आईजी वितुल कुमार ने बताया कि अब तक गाजियाबाद और हापुड़ के कुल तीन सेंटर पर तीन सौ से अधिक अभ्यर्थियों की परीक्षा तकनीकी कारणों से छूटी है। इसमें हापुड़ के संस्कार इंस्टीट्यूट पर 140 अभ्यर्थियों की, गाजियाबाद में आईआईएम गाजियाबाद में 98 और एचआर इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालॉजी गाजियाबाद में 103 अभ्यर्थियों की परीक्षा तकनीकी कारणों से छूटी है। इन सभी को 23 दिसंबर को उसी सेंटर पर परीक्षा के लिए बुलाया गया है। अब तक हुलगभग 60 प्रतिशत अभ्यर्थी ही परीक्षा में सम्मिलित हुए हैं।
बिना आईडी प्रवेश नहीं
वितुल कुमार ने बताया कि कई शिकायतें आईडी कार्ड को लेकर आ रही हैं। बोर्ड द्वारा पहले ही निर्देश दिए गए थे कि कोई भी अभ्यर्थी बिना आईडी कार्ड के परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो सकता। बोर्ड ने आधार, वोटर आईडी, डीएल, पासपोर्ट और पैनकॉर्ड ओरिजनल दिखाने पर परीक्षा में बैठने की अनुमति देने को कहा है।