'केंद्र सरकार अध्यादेश के जरिये लागू कराएगी जीएसटी '
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विधेयक देश के आर्थिक विकास की धुरी बनेगा। संसद में विपक्ष ने भले ही व्यवधान डालकर इस विधेयक को पास होने से रोका हो, लेकिन केंद्र सरकार दो माह में अध्यादेश के जरिये जीएसटी को लागू कराएगी।
इससे न सिर्फ सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) बढ़ेगा, बल्कि प्रति व्यक्ति आय में भी बढ़ोतरी होगी। ये बातें केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहीं। वे शनिवार को सीएमएस में गोमती नगर जनकल्याण महासमिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
एक सवाल के जवाब में गृहमंत्री ने कहा कि देश का विकास विपक्ष को रास नहीं आ रहा है। इसलिए संसद में गतिरोध उत्पन्न कर विपक्षी दलों ने इसे पास होने से रोका। उन्होंने कहा कि अध्यादेश के माध्यम से जीएसटी को हर हाल में लागू कराया जाएगा। वैश्विक मंदी के बावजूद देश में आर्थिक विकास की गति अच्छी है। जीएसटी पास होने के बाद बूम आएगा।
राजनाथ ने कहा कि, चीनी उत्पादों की मांग देश में घट गई है। इससे घबराकर चीन ने अपनी मुद्रा का अवमूल्यन कर दिया है। इससे दूसरे देशों को ये उत्पाद सस्ते मिलने लगे हैं। इस तरह के पड़ोसियों के आर्थिक हमलों को भी देश को झेलना पड़ रहा है। इस पर सरकार की पूरी नजर है।
प्रत्येक माह होती थी 20 लाख गायों की तस्करी
गृहमंत्री ने दावा किया कि केंद्र में 15 माह के भाजपा शासन में बांग्लादेश के बॉर्डर पर गायों की तस्करी काफी घट गई है। उन्होंने बताया कि, बांग्लादेश के बॉर्डर पर करीब 20 लाख गाय प्रत्येक माह तस्करी कर के बांग्लादेश भेजी जाती थीं जो घट कर अब साढ़े तीन लाख रह गई है।
उन्होंने कहा कि, ये आंकड़े गोरक्षा से जुड़े संगठनों के हैं। हम इसको शून्य के स्तर तक लाने को लेकर कटिबद्ध हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी देश की साख
राजनाथ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की साख बढ़ी है। पहले घरेलू निवेशक देश में निवेश करने से हिचकिचते थे, वहीं अब विदेशों से भी लाखों करोड़ रुपये का निवेश आ रहा है।