रायबरेली: रास्ते के विवाद में खूनी संघर्ष, किशोर को पीट-पीटकर मार डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रायबरेली जिले के सलोन कोतवाली क्षेत्र के ठकुराइनखेड़ा का पुरवा मजरे जौदहा गांव में रास्ता विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। एक पक्ष के लोगों ने मामा के घर आए किशोर की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। खूनी संघर्ष में दोनों पक्ष से 11 लोग घायल हुए। किशोर की मौत से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
सभी ने करहिया चौकी में हंगामा करना शुरू कर दिया। चौकी प्रभारी को हटाने की मांग करने लगे। जानकारी होने पर सीओ रामकिशोर सिंह और कोतवाल पंकज त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे लोगों को मामले में सख्त कार्रवाई किए जाने का आश्वासन देकर शांत कराया।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के पूरे बोधन मजरे इच्छन गोड़ा निवासी पंकज कुमार (17) मंगलवार को अपने मामा जियालाल के ठकुराइन का पुरवा मजरे जौदहा गांव आया था। पड़ोसी कुल्ले बुधवार को रास्ते में अपनी दीवार खड़ी करने लगा। दूसरे पक्ष के जियालाल के बेटे विजय कुमार ने रास्ते में दीवार खड़ा करने का विरोध किया। इसी बीच पहले से हमलावर कुल्ले के सहयोगी रामराज अपने अन्य साथियों के साथ लाठी-डंडों व फावड़ा से हमला बोल दिया।
दोनों पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल पंकज को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक पक्ष और विपक्षी पक्ष से मिलाकर 11 लोग घायल हुए। मामले में कोतवाल पंकज त्रिपाठी ने दोनों पक्षों पर शांति भंग में चालान करने का निर्देश दिया।
परिजनों में कोहराम मच गया
किशोर की मौत की सूचना से परिजन और लोग आक्रोशित हो गए। परिजनों में कोहराम मच गया। सभी ने करहिया चौकी पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया। आरोप था कि करहिया चौकी इंचार्ज सुरेश सिंह ने पैसे लेकर एकतरफा कार्रवाई की।
विवाद बढ़ने पर कई थानों की फोर्स मौके पर बुला ली गई। क्षेत्राधिकारी रामकिशोर सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। सीओ ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।