यूपी में भाजपा और मजबूत, बसपा, सपा व कांग्रेस के छह विधायक हुए शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बसपा, सपा व कांग्रेस के छह विधायक बृहस्पतिवार को यहां भाजपा में शामिल हो गए। इनमें मोहम्मदी (लखीमपुर) से बसपा विधायक बाला प्रसाद अवस्थी, चिल्लूपार (गोरखपुर) से विधायक राजेश त्रिपाठी, रुधौली (बस्ती) से कांग्रेस विधायक संजय जायसवाल, खड्डा (कुशीनगर) से विधायक विजय दूबे और नानपारा (बहराइच) से विधायक माधुरी वर्मा तथा जलालपुर (अंबेडकरनगर) से सपा विधायक शेरबहादुर सिंह शामिल हैं।
सभी विधायकों ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इन्हीं लोगों के साथ पूर्व विधायक दिलीप वर्मा, दिनेश मिश्रा, डॉ. सिद्धार्थशंकर सिंह, अंबिका प्रधान और अंबेडकरनगर नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा ने भी भाजपा की सदस्यता ली।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने सभी को सदस्यता ग्रहण कराई। मौर्य ने कहा कि यूपी को सपा, बसपा व कांग्रेस से मुक्ति दिलाएंगे। जल्द ही विभिन्न दलों के कई और विधायक भाजपा में शामिल होंगे।
11 विधायकों के भाजपा में शामिल होने का था अंदेशा
सुबह से चर्चा थी कि अलग-अलग दलों के 11 विधायक भाजपा की सदस्यता लेंगे, पर इनमें से छह ही सदस्यता लेने पहुंचे। सपा से निष्कासित विधायक गुड्डू पंडित, मुकेश शर्मा व रामपाल यादव सदस्यता ग्रहण करने नहीं पहुंचे।
बताया जाता है कि पंडित भाइयों ने दिल्ली में शीर्ष नेताओं के समक्ष सदस्यता लेने का फैसला किया है। अलबत्ता रामपाल का कहना है कि अभी तो उन्हें मीडिया अपनी इच्छा से अलग-अलग दलों में शामिल करा रहा है।
कभी उनको बसपा में बताता है तो कभी भाजपा में। जहां तक उनकी बात है तो उनकी अभी किसी से कोई चर्चा नहीं हुई है। जब जाना होगा तो घोषणा करके जाएंगे।
इन लोगों ने भी ली भाजपा की सदस्यता
विधानसभा में भाजपा विधानमंडल दल के उपनेता सतीश महाना सभी छह विधायकों को लेकर भाजपा मुख्यालय पहुंचे। इन विधायकों के साथ बड़ी संख्या में इनके समर्थकों ने भी भाजपा की सदस्यता ली।
इनमें बख्शी का तालाब के पूर्व ब्लॉक प्रमुख शिवदर्शन यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय पूर्वांचल समाज अमरजीत मिश्रा, पूर्व आईएएस गोरख प्रसाद पासवान, बाबूराम, पूर्व बसपा विधायक प्रत्याशी चौधरी अमर सिंह, ब्लॉक प्रमुख शंशाक दूबे, सीताराम वर्मा, कृपाशंकर मौर्य शामिल हैं।