यूपी के सांसदों को पीएम मोदी से मिला गुरुमंत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली में यूपी के पार्टी सांसदों को कामकाज का गुरुमंत्र दिया। साथ ही उनसे उनके संसदीय क्षेत्र के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान कुछ सांसदों ने प्रदेश सरकार की भूमिका से समस्या खड़ी होने की बात कही। मोदी ने कहा कि सांसद मतलब क्षेत्र का नेता।
जहां कोई कार्य जनविरोधी लगता है, उसका विरोध कीजिए। जहां विकास का मुद्दा हो और उससे लोगों का भला हो रहा हो तो उसमें सहायक बनिए।
सबसे अलग-अलग मिले मोदी
जानकारी के मुताबिक, उन्होंने तीन समूहों में सांसदों को बुलाकर प्रत्येक सांसद का पूरा परिचय पूछा। सांसद बनने के पहले की भूमिका की जानकारी ली।
उन्होंने भाजपा में चुनाव के समय शामिल हुए लोगों से भी उनके अनुभव और अब कैसा लग रहा है, यह भी पूछा। मोदी ने सुझाव दिया कि क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहें और वहां के लोगों से संपर्क व संवाद कायम रखें।
उनके सुख-दुख में भागीदार बनें। ध्यान रखें कि पार्टी कार्यकर्ताओं और उन लोगों की है, जिन्होंने चुनाव में मुसीबत उठाकर आपकी मदद की, उनकी उपेक्षा न होने पाए।