कोर्ट के आदेश के बाद भी साफ नहीं हुए नाले,मांगी और मोहलत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी राजधानी के नाले अतिक्रमण से मुक्त नहीं हो सके हैं। हाईकोर्ट ने नालों की सफाई करवा मुख्य सचिव को 10 दिन में शपथपत्र देने का आदेश दिया था। पर आदेश के बाद भी नगर निगम नालों से अवैध कब्जे पूरी तरह नहीं हटा सकता है।
इसे देखते हुए निगम ने मंगलवार को होने वाली सुनवाई में हाईकोर्ट से समय मांगने की तैयारी की है।वहीं,सोमवार को भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चला। इसके साथ ही देर शाम तक नगर निगम अधिकारियों की बैठक चली।
इसमें हाईकोर्ट में नाला सफाई को लेकर अपना पक्ष रखने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में नगर आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों से उनके यहां नालों की सफाई और अतिक्रमण हटवाने के लिए कार्रवाई का ब्यौरा जुटाया।
इसमें अब तक हुए कुल एफआईआर और नोटिस की जानकारी भी अधिकारियों से ली गई। निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि निगम हाईकोर्ट में अपना जबाव मुख्य सचिव के माध्यम से रखेगा।
इसमें अब तक हुई कार्रवाई के अलावा जियामऊ में नाले के ऊपर चले अभियान के बारे में जानकारी दी जाएगी। कार्रवाई के फोटो भी हाईकोर्ट के सामने रखी जाएगी और दूसरे नालों को अतिक्रमण मुक्त बनाने और उनकी सफाई कराने के लिए समय मांगा जाएगा।
यहां नालों पर बने लॉन-ढाबे हटाए गए
हाईकोर्ट के आदेश के बाद हरकत में आया नगर निगम शहर में जगह-जगह नालों पर हुए अतिक्रमण हटाने में जुट गया है। सोमवार को निगम के दस्ते ने निरालानगर में चरणदास मंदिर से लेकर पोस्ट ऑफिस तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
यहां कई जगह लोगों ने नालों पर स्थायी निर्माण कर होटल-ढाबे और लॉन बना दिए थे। प्रवर्तन दल ने जैसे ही जेसीबी से इन अवैध निर्माणों को तोड़ना शुरू किया तो कब्जा करने वाले उनसे भिड़ गए।
लोगों का आरोप था कि अतिक्रमण हटाने से पहले उन्हें सूचना नहीं दी गई। पुलिस ने हस्तक्षेप कर उन्हें शांत कराया और अतिक्रमण ध्वस्त कराए गए। चरणदास मंदिर से निरालानगर पोस्ट ऑफिस तक शायद ही कोई जगह थी,जहां नाले पर कब्जा नहीं किया गया था।
इन अवैध निर्माणों को हटाने में दस्ते को करीब तीन घंटे लग गए। इस दौरान टीम ने करीब दो ट्रक सामान भी जब्त किए। निरालानगर में मंगलम् बैंकट हॉल और वातानुकूलित होटल के बाहर अतिक्रमण हटा रहे दस्ते से होटल के लोगों ने झड़प की।
हालांकि इसके बाद भी दस्ते ने यहां अवैध कब्जे को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा बी ब्लॉक में मकानों के आगे नाले पर बने लॉन,गेट,ढाबे और स्लैब को तुड़वाया गया। इस दौरान दस्ते को लगभग सभी जगह लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।