खौफ की एक और वारदात, हत्या कर शव पेड़ पर टांगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाराबंकी के जैदपुर थाना क्षेत्र के बेरी गांव के बाहर स्थित जंगल में एक युवक की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची दो थानों की पुलिस कई घंटे तक सीमा विवाद में ही उलझी रही। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
इसके बाद घटनास्थल पर पहुंचे सीओ के निर्देश पर जैदपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस शव को लगभग आठ दिन पुराना बता रही है।
थाना जैदपुर क्षेत्र में सफदरगंज मार्ग पर स्थित बेरी गांव के बाहर स्थित जंगल में पेड़ पर फंदे से लटकता हुआ एक युवक का शव मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने देखा।
सीमा विवाद में उलझी पुलिस
ग्रामीणों ने इस बारे में पुलिस को बताया जिसके बाद मौके पर पहुंची सफदरगंज व जैदपुर थाने की पुलिस कई घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही।
इसके बाद पहुंचे सीओ सदर बलरामाचारी दुबे के निर्देश पर जैदपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस का कहना है कि युवक का शव करीब आठ दिन पुराना लग रहा है। मृतक नीले रंग की जींस व सफेद रंग का शर्ट पहने हुए था पर शव पुराना होने के चलते आधे से ज्यादा सड़ चुका था
एसपी अब्दुल हमीद ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष के आसपास होगी। कप्तान ने कहा हो सकता है कि युवक ने फांसी लगाकर जान दी हो पर उसकी हत्या किए जाने से भी इन्कार नहीं किया जा सकता है।
विवाद से एसपी का इनकार
एसपी ने कहा, मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। मृतक का हुलिया व उसके कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास पुलिस द्वारा किया जा रहा है।
एसपी ने बताया कि शव करीब आठ दिन पुराना लग रहा है।
कहा, इस मामले में दो थानों के बीच सीमा विवाद की जानकारी मुझे नहीं है, यदि ऐसा हुआ है तो जांच करा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शव जलाने के बाद फेंका झाड़ियों में
बाराबंकी जिले में आए दिन ताबड़तोड़ हत्याएं हो रही हैं। मंगलवार को फिर एक युवक की हत्या कर शव जलाने के बाद उसे सड़क किनारे फेंके जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है।
रामनगर थाना क्षेत्र के मड़ना गांव के पास युवक का अधजला शव पड़ा मिला। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज इस मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नहीं हुई शिनाख्त, भेजा पोस्टमार्टम
थाना रामनगर क्षेत्र के मड़ना मजरे चंदूसिंह पुरवा गांव के समीप मरकामऊ-बदोसरांय मार्ग पर सड़क किनारे लगी झाड़ियों में एक युवक का अधजला शव पड़ा मिला।
मंगलवार की सुबह इस बात की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। इसके बाद इसी गांव के निवासी जिला पंचायत सदस्य चंद्रदेव सिंह ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतक के सीने से लेकर सिर तक का आधा हिस्सा पूरी तरह से जला होने के कारण शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
एसओ रामनगर तेज प्रताप सिंह बताया कि मृतक के हाथ में सोने की दो अंगूठी, घड़ी व दाएं हाथ में एक कड़ा मिला है। वहीं मृत युवक नीले रंग की जींस पहने था पर उसका शर्ट पूरी तरह से जल चुका है।
मिला हत्या का सुराग
एसओ ने बताया कि युवक के हाथ में मिली अंगूठी व अन्य बातों की जांच कर इस हत्याकांड का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
मृतक के गले में एक कपड़ा भी फंसा मिला है इससे लगता है कि उसकी हत्या गला कसकर की गई है। वहीं जहां पर शव मिला है वहां एक शराब की बोतल भी पड़ी मिली है।
पुलिस का कहना है कि लगभग 35 वर्षीय यह युवक किसी दूसरे जिले का रहने वाला लग रहा है जिसकी हत्या करने के बाद शव यहां पर लाकर जला दिया गया है।
एसओ ने बताया कि घटना की सूचना देने वाले जिला पंचायत सदस्य चंद्रदेव सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
हाईवे किनारे मिली अधेड़ की लाश
बाराबंकी नगर कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर एक व्यक्ति का शव मंगलवार की सुबह पड़ा मिला। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में पल्हरी चौराहे से चंद कदमों की दूरी पर स्थित एक कोल्ड स्टोर के समीप फैजाबाद हाईवे के किनारे एक व्यक्ति का मंगलवार की सुबह शव पड़ा मिला है।
कोतवाल मोहन वर्मा का कहना है कि मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष के आसपास होगी। कोतवाल ने कहा कि मृतक नशे का आदी था और इसी क्षेत्र में घूमा करता था। कहा, मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही पता चल सकेगा। कोतवाल ने कहा कि शव की शिनाख्त के लिए काफी प्रयास किया गया पर उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
मृतक मटमैले रंग के कपड़े पहने हुआ था। पुलिस कुछ भी कहे पर इस व्यक्ति की मौत का कारण संदिग्ध लग रहा है पर अब इस बात का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लग सकेगा।