मुलायम की पत्नी साधना का बयान, मेरा बहुत अपमान हुआ अब पीछे नहीं हटूंगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अभी तक बैकग्राउंड में ही रहीं सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना यादव ने अखिलेश यादव से अपने संबंध व अपनी योजनाओं पर बात की।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मेरा अब तक बहुत अपमान हुआ है। अब मैं पीछे नहीं हूटूंगी। मेरे परिवार में जो कुछ भी हुआ उसका मुझे दुख है। मैं किसी को दोष नहीं देना चाहती। लोगों ने मेरा घर बर्बाद किया। अब मैं लोगों को जवाब देना चाहती हूं।
साधना ने कहा कि वह चाहती हैं कि फिर से सपा सरकार बनें और अखिलेश मुख्यमंत्री बनें। उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि उनका बेटा प्रतीक भी राजनीति में आए। खुद के राजनीति में आने पर उन्होंने कहा कि मैं सामने कभी नहीं आई पर बैकग्राउंड में काम करती रही।
उन्होंने कहा कि मैं जिस परिवार से आती हूं। वहां मेरे पिता मुझसे कहा करते थे कि किसी को भी अपने अच्छे काम की पब्लिसिटी नहीं करना चाहिए। पर अब हालात बदल गए हैं। मुझे कोई पद नहीं चाहिए। मैं राजनीति में नहीं आऊंगी लेकिन खुलकर समाज सेवा करूंगी।
राजनीति में आने से नेताजी ने रोका
उन्होंने कहा कि मेरा भी मन करता था कि मैं राजनीति में आऊं, लेकिन नेताजी ने नहीं आने दिया। कहते थे कि मैं तो हूं ही राजनीति करने के लिए। लेकिन अब मैं नहीं रुकुंगी, क्योंकि अब इसकी जरूरत है।
उन्होंने बताया कि अखिलेश मेरा व नेताजी का बहुत सम्मान करते हैं। उन्होंने पार्टी का अध्यक्ष बनने के बाद कई बार मुझसे बात की।
साधना ने कहा कि मैं चाहती हूं कि सबकुछ अच्छा हो जाए, सब अच्छे से रहें। अखिलेश फिर से मुख्यमंत्री बनें, लेकिन पिछली सरकार में जो कुछ हुआ वो फिर से न हो। उन्होंने कहा कि मैंने झगड़े के वक्त ही कहा था कि सब मिलकर बात कर लें। झगड़े में मेरा कोई रोल नहीं है।
उन्होंने शिवपाल सिंह यादव के बारे में कहा कि वह नेताजी के सबसे भरोसेमंद हैं। गरीबी में उन्होंने हमेशा साथ दिया है। नेताजी के लिए उनसे ज्यादा भरोसेमंद कोई नहीं।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि किसी ने अखिलेश को भड़का दिया है। पता नहीं वो कौन है...। उन्होंने इस बात से इनकार किया कि मुख्य सचिव हटवाने या नियुक्त करवाने में उनकी भूमिका थी।
तीन महीने बाद नेताजी को सबकुछ वापस कर देंगे अखिलेश
साधना ने कहा कि अखिलेश सिर्फ तीन महीने के लिए अध्यक्ष बने हैं। इसके बाद वह सबकुछ नेताजी को वापस कर देंगे।
साधना ने कहा कि मैं अब दुष्ट लोगों को जवाब देना चाहती हूं। मैंने अखिलेश से कहा कि बेटा तुम सरकार बनाओ। मुझे तुम्हारी कोई पोस्ट नहीं चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुझे कभी उम्मीद नहीं थी कि अखिलेश मुझसे अलग हो जाएगा। अब उनके कमरे भी बंद रहते हैं। उनकी सफाई हो जाती है और लॉक कर दिया जाता है।