सपा के 'शाही समाजवाद' पर मुलायम ने दी सफाई!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रामपुर में आजम खां की ओर से की गई आवभगत देखकर सपा सुप्रीमो भले ही अवाक रह गए हों, लेकिन उन्हें मौका मिला तो सियासी वारों का जवाब भी दे दिया।
शाही समाजवाद पर उठे सियासी बवंडर का जवाब देने के लिए मुलायम ने बर्थडे स्पीच का मंच चुना। आजम के जौहर विश्वविद्यालय में सजे खूबसूरत पंडाल के मंच पर खड़े मुलायम ने असली समाजवाद की दुहाई दी और बोले, 'गरीबों की मदद हो, उनकी हालत सुधरे तभी मेरा असली सम्मान होगा।
मुलायम ने समारोह में मौजूद अपने मंत्रियों की क्लास लगाई और कहा कि कहीं से भी बजट लाएं, लेकिन गरीबों की हालत सुधरनी चाहिए। उन्होंने मंत्रियों, विधायकों से अपने गावों में जाकर विकास करने के लिए भी कहा।
हालांकि, उन्होंने आजम के इस बड़े आयोजन की भी जमकर तारीफ की। मुलायम ने कहा, 'यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है। मेरे इस सम्मान को सदियां याद रखेंगी।'
'भाषण नहीं, काम से बनेगी बात'
रामपुर की जनता, यूपी के नौकरशाह और सरकार के मंत्रियों को संबोधित करते हुए मुलायम ने कहा कि इस देश में गरीबों की हालत बहुत खराब है और हम उनकी हालत सुधारने की दिशा में हमेशा काम करते रहेंगे।
मुलायम ने यह भी कहा कि समाजवादी हमेशा सोशलिस्ट बने रहेंगे। उन्होंने सपा सरकार के लोगों से कहा कि गरीबों की हालत सुधारिए और युवाओं को रोजगार मुहैया कराइए, तभी मेरा असली सम्मान होगा।
मुलायम ने कहा कि उन्होंने जीवन में बड़ी-बड़ी चुनौतियों का सामना किया। उन्होंने अपने तजुर्बे के आधार पर कहा कि भाषण से काम नहीं चलेगा, काम करना पड़ेगा। मुलायम ने सियासत का दांव भी खेला और कहा कि इस देश में अल्पसंख्यकों की हालत बहुत खराब है, इसलिए सबसे ज्यादा ख्याल मुस्लिम व सिखों का रखना होगा।
'सम्मान से जल रहे हैं दुनिया के लोग'
मुलायम ने रामपुर को एक बड़ा तोहफा भी दिया। उन्होंने मंच से ऐलान किया कि रामपुर आने वाले दिनों में यूपी का एक आदर्श शहर बनेगा। उन्होंने कहा कि रामपुर के लोगों ने उन्हें बहुत सम्मान दिया है और समारोह में भीड़ बिना बुलाए आई है। उन्होंने रामपुर के मुस्लिम समुदाय का भी शुक्रिया अदा किया और आजम खां को उनका सच्चा हिमायती बताया।
मुलायम से पहले मंच से सीएम अखिलेश यादव ने अपने पिता की तारीफ के पुल बांधे और आजम खां की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'इस ऐतिहासिक सम्मान समारोह से दुनिया के लोग जल रहे हैं, लेकिन आज दुनिया की नजर रामपुर पर ही है। रामपुर में बहुत काम भी हुआ है।'
अखिलेश ने इस सम्मान समारोह पर उठ रहे शाही समाजवाद जैसे सवालों का जवाब इशारों में देते हुए कहा, 'नेताजी को सारे दांव पता हैं। बुद्घि दांव से लोगों के दिमाग का भूत निकालना है।' अखिलेश ने यह भी कहा कि हमारा समाजवाद पारदर्शी है।