मुलायम ने पकड़ा मोदी का 'कुर्ता' और खूब की धुलाई!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आजमगढ़ में नामांकन भरने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव कुछ ज्यादा ही आक्रामक नजर आए।
उन्होंने न सिर्फ नरेंद्र मोदी के गुजरात मॉडल की धज्जियां उड़ाई, बल्कि मोदी पर भी खूब जमकर तंज कसे। मुलायम ने कहा कि मोदी सबसे बड़ा झूठा इंसान है।
उन्होंने कहा कि मोदी के पास 500 कुर्ते हैं। जो दिन में पांच बार कुर्ते बदलता है, ऐसा आदमी विकास क्या करेगा। उन्होंने वाराणसी की बात करते हुए पान और चाय की बहस फिर छेड़ दी।
मुलायम ने लोगों को समझाते हुए कहा कि पान से विटामिन सी मिलता है और चाय से पेट खराब होता है, इसलिए बनारस में पानवाले को जिताना है, चाय वाले को नहीं।
गुजरात मॉडल की निकाली हवा
मुलायम ने नरेंद्र मोदी के गुजरात मॉडल की हवा निकालने के लिए पूरी तैयारी की थी, इसकी तस्दीक उनके भाषण से ही हो गई।
मुलायम ने एक के बाद एक आंकड़े पेश करने शुरू किए और मोदी पर निशाना तेज होता गया। मुलायम ने बताया कि गुजरात में मोदी ने 10 साल पहले मेट्रो बनाने का वादा किया था, आज तक पूरा नहीं हुआ।
उसके बाद मुलायम ने कहा कि यूपी में लोग पारिवारिक कारणों से आत्महत्या करते हैं, लेकिन गुजरात के 17 जिलों में लोग पानी के लिए तरस रहे हैं।
इतना ही नहीं, मुलायम ने बताया कि गुजरात की 41 फीसदी महिलाएं बीमारी का शिकार हैं। और तो और वहां से अब तक 44 हजार बच्चे गायब हो चुके हैं, लेकिन मोदी के पास इसका कोई जवाब नहीं है।
'अरे भाई, मुझे भी कुछ दिल्ली में बना दो'
मुलायम आजमगढ़ की जनसभा में भी बड़े-बड़े वादे करने से भी नहीं चूके। उन्होंने अपनी सरकार की रटी-रटाई उपलब्धियां गिनाईं और लोगों से बड़े दावे करने लगे।
मुलायम ने कहा कि अगले साल तक आजमगढ़ के सभी कॉलेजों में हर बच्चे को एमएससी और एमए तक की पढ़ाई मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि सवा साल के भीतर 24 घंटे बिजली की व्यवस्था भी कर दी जाएगी। इस बात पर उन्होंने मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार में एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं हुआ।
उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी नेता को तो गांवों में घुसने तक नहीं देना चाहिए। भाषण खत्म करते हुए मुलायम नतमस्तक हो गए। उन्होंने कहा कि 2012 में राज्य सरकार को बहुमत दिलाया, भाई मुझे भी कुछ दिल्ली में बना दो। और ऐसा बनाओ कि मेरे बिना कोई सरकार न बने।
जनता से कोई जुदा नहीं कर सकता
आईटीआई मैदान में आयोजित जनसभा में मुलायम सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने जो भी वादे किए थे, उसे पूरे किए हैं।
सपा प्रमुख ने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे ज्यादा अगर किसी ने संघर्ष किया है, तो वे युवा हैं। उन्होंने कहा कि जब तक इन युवाओं को रोजगार नहीं मिल जाता, सपा सरकार बेरोजगारी भत्ता देती रहेगी।
सपा सुप्रीमो ने कहा कि कोई भी ताकत सपा को जनता से जुदा नहीं कर सकती है।
गाड़ी से क्यों नहीं निकले मुलायम?
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने आजमगढ़ में पर्चा दाखिल करने के बाद रोड शो किया।
हजारों की संख्या में मौजूद समर्थकों और प्रशंसकों के बीच जब मुलायम सिंह यादव का काफिला निकला, तो हर ओर समाजवादी पार्टी के नारे लगने लगे।
लोग सपा सुप्रीमो पर फूलों की बारिश कर रहे थे। आजमगढ़ में मुलायम के रोड शो में सपाइयों ने दम तो खूब दिखाया, लेकिन नेताजी शीशे चढ़ाकर ही आनंद लेते रहे।
कलेक्ट्रेट ऑफिस से शुरू हुए रोड शो ने आईटीआई मैदान पहुंचने में करीब पांच किलोमीटर का सफर तय किया, लेकिन मुलायम ने एक बार भी एसयूवी से बाहर निकलकर शक्ल नहीं दिखाई। वहां यह भी चर्चा रही कि मुलायम शायद चिलचिलाती धूप के चलते गाड़ी से बाहर नहीं निकले।
इसी दौरान, भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी रमाकांत यादव का काफिला भी पर्चा दाखिल करने के बाद मुलायम के काफिले से टकरा गया और जमकर नारेबाजी शुरू हो गई।
मुलायम ने भरा पर्चा
सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने आजमगढ़ में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। वह करीब 1.15 पर डीएम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अपना पर्चा भरा।
इस दौरान वसीम अहमद, दुर्गा यादव और अभय नारायण पटेल भी मौजूद रहे।
पढ़ें- सोनिया के प्रचार में 'पतिदेव' का दुखड़ा सुनाने लगीं प्रियंका
नामांकन भरने के बाद मुलायम सिंह यादव रोड शो करते हुए जीआईस मैदान पहुंचेंगे, जहां वह एक जनसभा करने वाले हैं।
बताते चलें कि मुलायम सिंह ने मैनपुरी लोकसभा सीट से भी पर्चा दाखिल किया है।
आजमगढ़ पहुंचे मुलायम
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव आजमगढ़ पहुंच चुके हैं, जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ।
सबसे पहले मुलायम सिंह यादव केंद्रीय कार्यालय गए, जहां उन्होंने लंच किया। सपा प्रमुख कलेक्ट्रेट ऑफिस के लिए निकल चुके हैं, जहां वह अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। संभावना जताई जा रही है कि वह अपना पर्चा दाखिल दोपहर 1 बजे के आसपास करेंगे।
उसके बाद सपा प्रमुख श्री यादव रोडशो करते हुए जीआईसी मैदान स्थित जनसभा स्थल पहुंचेंगे।
माना जा रहा है कि वाराणसी में मोदी और आजमगढ़ में मुलायम के चुनाव लड़ने से पूर्वांचल की राजनीति दिलचस्प होने वाली है।
मोदी के कारण आजमगढ़ में मुलायम
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव आज आजमगढ़ लोकसभा लोकसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
डीएम आफिस में पर्चा भरने के बाद वह आईटीआई मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। सपाइयों ने उनके जोरदार स्वागत की तैयारी की है।
मुलायम सिंह यादव अपनी परंपरागत मैनपुरी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहां 24 अप्रैल को मतदान होना है।
वाराणसी से नरेन्द्र मोदी के चुनाव मैदान में उतरने के बाद उन्होंने मैनपुरी के साथ ही आजमगढ़ सीट से भी चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।
सपा का पुराना गढ़
मुलायम सिंह हेलीकॉप्टर से सवेरे 11 बजे आजमगढ़ पुलिस लाइन में बने हेलिपेड पर उतरेंगे। वह जिलाधिकारी कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल करने जाएंगे।
इसके बाद आईटीआई मैदान में सपाइयों से मुखातिब होंगे। इसी मैदान से सपा ने अक्तूबर 2013 को देश बचाओ-देश बनाओ रैली की शुरुआत की थी।
आजमगढ़ सपा का पुराना गढ़ है। इस जिले की दस में से नौ विधानसभा सीटों पर सपा का कब्जा है लेकिन आजमगढ़ लोकसभा सीट भाजपा के रमाकांत यादव के पास है।
सपा बनाम भाजपा
सपा के रणनीतिकारों को उम्मीद है कि ‘नेताजी’ के आजमगढ़ और मोदी के वाराणसी से चुनाव मैदान में आ जाने के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश की चुनावी जंग गरमाएगी।
वे इसे सपा बनाम भाजपा की लड़ाई में तब्दील कर सकते हैं। ऐसे हालातों में उन्हें मुस्लिम वोटों का सपा के पक्ष में ध्रुवीकरण हो जाने की संभावना नजर आ रही है।
पार्टी सुप्रीमो को मैदान में उतारकर सपा एक तो भाजपा से आजमगढ़ लोकसभा सीट छीनना चाहती है, दूसरे पूर्वांचल के सभी उम्मीदवारों का हौसला बढ़ाकर अधिक से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करना चाहती है।
मुलायम सिंह के मैदान में आने से उसे मुस्लिम, पिछड़ों और अति पिछड़ों की लामबंदी का भरोसा है।