मुलायम से मिले बर्खास्त युवा नेता, नाराजगी के बाद नेताजी बोले- काम करो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दो विधान परिषद सदस्यों समेत सपा के सात बर्खास्त युवा नेताओं ने सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव को माफीनामा सौंप दिया है। उनकी जल्द ही पार्टी में बहाली की उम्मीद है।
मुलायम ने उन्हें डांटा, प्यार से समझाया और विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए। कहा, अनुशासन में रहिए। आने वाले समय में नौजवानों को ही राजनीति में आगे बढ़ना है।
रामगोपाल यादव का निष्कासन वापसी के साथ ही बर्खास्त युवा नेताओं की बहाली की अटकलें शुरू हो गई थीं। एमएलसी आनंद सिंह भदौरिया और सुनील सिंह साजन के अलावा गौरव दुबे, बृजेश यादव, दिग्विजय सिंह देव, एबाद अहमद और प्रदीप तिवारी ने शनिवार को विक्रमादित्य मार्ग स्थित मुलायम के आवास पर जाकर उन्हें माफीनामा सौंपा। एक अन्य एमएलसी संजय लाठर बाहर होने के कारण नहीं पहुंच सके।
आगे अनुशासनहीनता न करने की दी चेतावनी
मुलायम ने युवा नेताओं को समाजवादी आंदोलन और खुद से जुड़ी घटनाओं के बारे में बताया। कहा कि आने वाला समय युवाओं का है, उन्हें ही राजनीति में आगे बढ़ना है।
युवाओं के कारण 2012 में सरकार बनी थी और फिर उन्हें सरकार बनाने के काम में लगना है। भविष्य में अनुशासनहीनता नहीं होनी चाहिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष के फैसले पर सवाल नहीं उठाना चाहिए। राजनीति में सहनशील होना जरूरी है। जो सहनशील नहीं होगा, वह बहुत आगे नहीं बढ़ सकता।
सपा प्रमुख से मिलकर लौटने के बाद आनंद भदौरिया ने कहा, हमने नेताजी (मुलायम सिंह) के सामने अपनी बात रखी। भरोसा दिलाया कि हमने कोई गलती नहीं की है और आगे भी कोई गलती नहीं करेंगे। अगर जाने-अनजाने कोई गलती हुई है तो हम सभी क्षमा मांगते हैं।
हमने उनसे अनुरोध किया कि उनके नेतृत्व में काम करना चाहते हैं। उनसे पार्टी में बहाली का आग्रह किया। इस आशय का पत्र भी उन्हें सौंपा गया है। सुनील सिंह साजन ने कहा, हमलोग नेताजी के खिलाफ बोलना तो दूर, ऐसा सोच भी नहीं सकते। नेताजी ने एकजुट होकर चुनाव में जाने का निर्देश दिए हैं।
एक-दो दिन में हो सकती है बर्खास्त नेताओं की वापसी
बृजेश यादव ने बताया कि नेताजी ने समाजवादियों का इतिहास पढ़ने के लिए कहा। अपने संघर्ष के बारे में बताया। पार्टी में वापसी के बारे में कुछ नहीं कहा, लेकिन चुनाव प्रचार में जुटने के निर्देश दिए। कहा कि सपा सरकार ने अच्छे काम किए हैं, लोगों के बीच अपनी बात मजबूती से रखें। सपा सूत्रों के मुताबिक एक-दो दिन में बर्खास्त नेताओं की वापसी हो सकती है।
सीएम के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की चाहत
सुनील यादव ने कहा कि शिवपाल यादव प्रदेश अध्यक्ष हैं। उन्हें नेताजी ने बनाया है, वे हम लोगों को स्वीकार हैं लेकिन असली बात यह है कि हमलोग अखिलेश यादव के नेतृत्व में चुनाव लड़ें और उन्हीं के नेतृत्व में फिर से सरकार बनाएं।
नाराज होते हैं तो प्यार भी करते हैं नेताजी
भदौरिया ने कहा कि नेताजी हमारे नेता के भी नेता हैं। वे जिनसे नाराज होते हैं, उनसे प्यार भी करते हैं। उनके खिलाफ एक भी शब्द बोलने का किसी में साहस नहीं है। कोई युवा नेता ऐसा सोच नहीं सकता।