एक मंच पर नजर आएगा मुलायम का परिवार, गिले शिकवे दूर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समाजवादी पार्टी में शीर्ष स्तर पर घमासान पर विराम लगाने के लिए पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह ने सोमवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव के साथ लंबी बातचीत की।
समझा जा रहा है कि उनका पूरा जोर गिले-शिकवे दूर कर एकजुटता का संदेश देने पर था। इसकी शुरुआत 5 नवंबर को जनेश्वर मिश्र पार्क में सपा के रजत जयंती समारोह से हो सकती है। इसमें मुलायम सिंह का पूरा कुनबा मंच पर एक साथ नजर आ सकता है।
मुलायम ने सोमवार को दोपहर बाद अखिलेश यादव को अपने विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर बुलाकर बातचीत की। इसमें पिछले दिनों के घटनाक्रम और इससे होने वाले नुकसान को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद उन्होंने अखिलेश और शिवपाल को एक साथ बैठाकर उनके मतभेद दूर कराने की कोशिश की। यह बैठक भी काफी देर चली।
सपा मुखिया ने कहा कि चुनाव से पहले पार्टी में कलह और फूट का संदेश जाना ठीक नहीं है। इस बैठक के बाद माना जा रहा है कि अखिलेश पांच नवंबर को पार्टी के रजत जयंती समारोह में शामिल होंगे। इस आयोजन में मुलायम परिवार के सभी प्रमुख सदस्यों की मौजूदगी से पार्टी में एकजुटता दिखाने की कोशिश की जाएगी। उसी दिन सपा कार्यकर्ताओं की भीड़ में अखिलेश को पार्टी का चेहरा घोषित किया जा सकता है।
कार्यकर्ताओं का भ्रम दूर करने की होगी कोशिश
ऐसा करके मुलायम के उस बयान से कार्यकर्ताओं में बने भ्रम को दूर किया किया जा सकता है जिसमें उन्होंने सपा के चुनाव जीतने पर सीएम का फैसला विधायक व संसदीय बोर्ड में किए जाने की बात कही थी। हालांकि शिवपाल लगातार कह रहे हैं कि दोबारा सरकार बनने पर अखिलेश ही सीएम होंगे।
गायत्री, नारद को दिए निर्देश
अखिलेश व शिवपाल से बातचीत करके मुलायम ने रजत जयंती समारोह के संयोजक गायत्री प्रजापति, सपा के प्रदेश महासचिव ओमप्रकाश सिंह और मंत्री नारद राय को भी बुलाया। सीएम और शिवपाल की मौजूदगी में इन सभी नेताओं के साथ मुलायम ने 5 नवंबर को भव्य और विशाल समारोह करने के निर्देश दिए।
कहा कि सपा के 25वें साल में पांचवी बार सरकार बनाने का संकल्प पूरा करके इस मौके को ऐतिहासिक बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हर जिले और विधानसभा क्षेत्र के लोगों को इसमें बुलाया जाए। पुराने लोगों को सम्मानित किया जाए।
उन्होंने प्रदेश कार्यकारिणी और जिलाध्यक्षों की बैठक में समारोह की जिम्मेदारियां तय करने के निर्देश दिए। एक तरह से इसी समारोह से सपा के चुनाव अभियान का श्रीगणेश होगा।