नशीला कोल्डड्रिंक पिलाकर विधायक ने भाई की पत्नी से किया रेप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंबेडकरनगर जिले के एक विधायक पर उनके ही छोटे भाई की पत्नी ने नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला के पति व विधायक के भाई का निधन हो चुका है। महिला ने एसपी को शिकायती पत्र देकर केस दर्ज कराने की मांग की है।
उधर, विधायक ने आरोपों को मनगढ़ंत बताते हुए संपत्ति विवाद का मामला बताया है। पहले भी कई विवादों में घिरे रहे जिले के एक विधायक पर अब उनके ही अनुज की पत्नी ने दुष्कर्म का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
पीड़िता ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायतीपत्र देकर कहा कि उनके पति का निधन हो चुका है। 18 जुलाई की रात लगभग साढ़े 10 बजे उनके जेठ व विधायक ने उन्हें अपने कमरे में बुलाया। कहा कि मैं तुम्हारा हितैषी व हमदर्द हूं। इसके बाद मदद का भरोसा देकर कोल्डड्रिंक पीने को कहा।
पहले तो उसने मना किया, लेकिन बाद में जिद करने पर उसने कोल्डड्रिंक पी ली। इसके बाद उसे होश नहीं रहा। सुबह उसकी आंख खुली तो देखा कि बगल में विधायक सो रहे थे। पीड़िता का आरोप है कि विधायक ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाया था।
‘मेरे कहने से रहोगी तो राज करोगी’
उसी के नशे में उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि वह रोने लगी तो विधायक ने कहा कि ये सब मत करो। मेरे कहने में रहोगी तो राज करोगी। महिला ने लिखित शिकायत में कहा कि इसके पहले भी विधायक ने कई बार गलत काम के लिए दबाव बनाया, लेकिन उसने हाथ जोड़कर मना कर दिया।
बताया कि उसने अपने भाइयों को बुलाकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद थाने में शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस पर उसने अब जिला मुख्यालय आकर शिकायत करने का निर्णय लिया। महिला ने शिकायत में कहा कि घटना के बाद से उनके जेठ व विधायक घर छोड़कर कहीं चले गए हैं। जाने से पहले जान से मारने की धमकी भी दी।
एसपी अजय कुमार सिंह ने बताया कि एक महिला उनके पास आई थी। उसने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है जिसमें विधायक के नाम का उल्लेख है। इसकी जांच जलालपुर सीओ को दी गई है।