लखनऊ। जनभवन में रविवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
यह आयोजन श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से संचालित नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान के अंतर्गत किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है। नुक्कड़ नाटक से विद्यार्थियों ने दिखाया कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, शिक्षा, कॅरिअर और सामाजिक जीवन को भी गंभीर रूप से प्रभावित करती है। उन्होंने यह संदेश दिया कि नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के लिए चिंता का विषय है। युवाओं का आह्वान किया कि वे नशे से स्वयं दूर रहें, अपने मित्रों और परिवार के सदस्यों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

नुक्कड़ नाटक के जरिये दिया नशामुक्ति का संदेश

नुक्कड़ नाटक के जरिये दिया नशामुक्ति का संदेश