ओपीनियन पोल पर मायावती भड़कीं, कहा- सर्वे प्रायोजित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक न्यूज चैनल के चुनावी सर्वे को बसपा प्रमुख मायावती ने प्रायोजित करार दिया है। उन्होंने कहा कि अधिकतर मीडिया हाउस के मालिक धन्नासेठ व पूंजीपति हैं, जो चुनाव के दौरान भाजपा व कांग्रेस जैसे दलों की हवा बनाने का काम करते हैं। यह चुनावी सर्वे भी इसी की एक कड़ी है।
इन दलों के इशारे पर सर्वे करके जनता को गुमराह किया जा रहा है। बसपा कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने के लिए किए गए इस सर्वे से सभी को सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने प्रदेश की जनता को भी भाजपा व सपा के ऐसे हथकंडों से सतर्क रहने की नसीहत दी।
मायावती गुरुवार को लखनऊ में प्रदेश बसपा मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक करके चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर रही थीं। उन्होंने जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने एवं चुनावी तैयारियों के साथ पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए मिशनरी कार्य को तेज करने के निर्देश दिए हैं।
'जोश के साथ पूरी समझदारी से काम करने की जरूरत'
पार्टी संगठन व भाईचारा संगठन की कमेटी के संबंध में ताजा रिपोर्ट लेने के बाद पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, प्रदेश में इस बार बसपा की सरकार बनाने के लिए हम लोगों को जोश के साथ-साथ पूरी समझदारी से काम करने की जरूरत है।
उन्होंने दावा किया कि सर्वसमाज के अलावा दलितों, पिछड़ों और विशेषकर मुस्लिम व बौद्ध समाज का बसपा को जनसमर्थन प्राप्त है, लेकिन हमारा मुकाबला भाजपा व सपा जैसे दलों से है, जो साम, दाम, दंड भेद जैसे हथकंडे अपनाने में माहिर हैं।
एक न्यूज चैनल द्वारा दो दिन पहले दिखाए गए चुनावी सर्वे में बसपा को पिछड़ता हुआ दिखाने पर मायावती ने कहा कि बसपा कार्यकर्ताओं को ऐसे प्रायोजित सर्वे से सावधान रहना होगा। उन्होंने जनता को भी ऐसे सर्वे से सतर्क रहने की नसीहत देते हुए कहा, भविष्य में ऐसे और सर्वे आ सकते हैं।
'सपा सरकार के फैसले लोहियावाद का मजाक उड़ाने वाले'
मायावती ने कहा, सपा सरकार के तमाम गलत व जनविरोधी फैसले वास्तव में लोहियावाद व समाजवाद का मजाक उड़ाने वाले हैं।
बसपा सरकार के समय में बनने वाले लखनऊ के डॉ. अम्बेडकर ग्रीन गार्डन का नाम बदलकर जनेश्वर मिश्र पार्क करने के साथ नए जिलों, नए शिक्षण संस्थानों, मेडिकल कॉलेज व विश्वविद्यालय आदि का भी नाम बदलने का घोर जातिवादी व विद्वेषपूर्ण काम सपा सरकार ने किया है। बसपा इसे माफ नहीं करेगी।
मायावती ने सपा सरकार की समाजवादी पेंशन योजना समेत तमाम योजनाओं को भी बसपा सरकार के समय की बताते हुए कहा, सपा सरकार सिर्फ नाम बदलकर जनता को गुमराह कर रही है।
बैठक में कांशीराम की पुण्यतिथि पर आयोजित रैली में दो लोगों के निधन पर शोक जताया गया और इसके लिए पुलिस व प्रशासन की चूक को जिम्मेदार बताया गया।