भाजपा, कांग्रेस को सत्ता में आने से रोकें: मायावती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बसपा सुप्रीमो, पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने चुनावी जनसभा में विरोधी दलों पर हमले के सापेक्ष अपने पंरपरागत वोट बैंक को बिखराव से बचाने को तरजीह दी।
मुसलिमों के साथ हर बिरादरी को बसपा से जोड़ने की जुगत करती रहीं। कहा कि अब तक केन्द्र की सत्ता ज्यादातर गलत हाथों में रही है।
जिन दलों की सरकार केन्द्र में रही उन्होने भ्रष्टाचार, मंहगाई को बढ़ावा दिया है। गरीबी, बेरोजगारी मिटाने के लिए कोई कारगर नीति नहीं बनाई।
मायावती ने अपनी रैली में सपा, भाजपा और कांग्रेस पर खुलकर हमला बोला। मायावती के अनुसार सपा की सरकार आते ही उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी शुरू हो जाती है, वहीं भाजपा सभी को साथ लेकर नहीं चलती है।
भाजपा सांप्रदायिक पार्टी
मायावती रविवार को शहर के जीआईसी मैदान में बसपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहीं थी।
मायावती ने अपने 38 मिनट के भाषण में इस बात का पूरा ख्याल रखा कि वह भाजपा, कांग्रेस व सपा पर शब्द बाण भी चलांए और बसपा के पंरपरागत वोट बैंक को बिखराव से बचाने के साथ हर वर्ग को पार्टी से जोड़ने कामयाब कवायद कर जाएं।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि देश में भ्रष्टाचार, मंहगाई, गरीबी, बेरोजगारी बढ़ने के लिए कांग्रेस ज्यादा कसूरवार है। क्योंकि कांग्रेस ने देश में सबसे ज्यादा समय तक राज किया है।
भाजपा को साम्प्रदायिक पार्टी करार देते हुए बोलीं कि भाजपा ने ऐसे व्यक्ति को पीएम पद का उम्मीदवार बनाया है, जिसके दामन पर गुजरात के दंगों का दाग है।
यूपी में गुंडो का राज
मायावती ने सपा पर भी हमला बोला। इसके पहले उन्होने मोदी के बारे में कहा नरेन्द्र मोदी अपनी सभाओं के दौरान देश को विकास की राह पर ले जाने तथा बिगड़ी हालत को सुधारने का वादा कर रहे हैं। भाजपा 6 साल केन्द्र में रही, तब उसने देश में विकास क्यों नहीं कराया।
अपने शासन काल में देश की बिगड़ी हालत सुधारने की पहल क्यों नहीं की। सपा पर हमला बोलते हुए यूपी में सपा सरकार को हर मोर्चे पर फेल करार दिया।
कहा कि सपा सरकार में प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। यूपी में गुण्डों का राज है। आपराधिक वारदातों में इजाफा हुआ है।
सपा को दंगों की सरकार बताते हुए कहा कि सुप्रीमकोर्ट ने भी मुजफ्फरपुर दंगे को सपा की नाकामी करार दिया है।
यूपी की सत्ता पूंजीपतियों के सहारे
मायावती ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप्प हैं। सारे विरोधी दल पूंजीपतियों के सहारे चुनाव लड़ते हैं। फिर सत्ता में आकर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने वाली नीतियां बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि बसपा पूंजीपतियों के नहीं बल्कि अपने आम कार्यकर्ता के बूते चुनाव लड़ती है। हर वर्ग के हित का ख्याल रखते हुए काम करती है।
बसपा ने अपने शासनकाल में अपराधियों को उनकी असली जगह जेल भेजा। सर्व जन के हितों को ध्यान में रखते हुए काम किया। जनता व प्रदेश को खुशहाली की राह पर ले जाते हुए एक बेहतर सरकार दी। इसी आधार पर यूपी में 4 दफा सत्ता में आयी।
विरोधी दल अपनी जातिवादी सोच की वजह से बसपा को हजम नहीं कर पा रहे हैं, और तरह-तरह की अफवाहें फैलाकर आपको गुमराह कर रहें हैं। इसलिए वोट पड़ने तक आपको विरोधियों के हथकण्डों से बचना होगा।
मुस्लिम वोट महत्वपूर्ण
बसपा ने जैसी बेहतर सरकार यूपी में दी, वैसी सरकार केन्द्र में लाने के लिए आपको बसपा के ज्यादा प्रत्याशियों को जिताना होगा। इसमें मुस्लिम बिरादरी की अहम भूमिका रहेगी।
मायावती ने मुस्लिमों को बसपा की ओर खींचते हुए कहा कि भाजपा को केन्द्र में आने से रोकना है तो आप लोगों को अपना वोट बांटना नहीं है। अगर आप बंट गए तो इसका सीधा फायदा भाजपा को होगा।
बसपा से दलित, पिछड़ा व अपर कास्ट सभी जुड़े हैं। मैं यकीन दिलाती हूँ कि मुस्लिम भी जुड़ जाए तो भाजपा प्रत्याशियों की जमानतें जब्त हो जांएगी।
बसपा सुप्रीमो ने सीतापुर संसदीय सीट से पार्टी प्रत्याशी कैसरजहां, धौरहरा से दाऊद अहमद व मिश्रिख के अशोक रावत को जिताने की अपील के साथ विदा ली। मंच पर बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी, विधायक रामहेत भारती, जासमीर अंसारी आदि मौजूद थे।