पाक की जनता को सलाह देने से पहले खुद के गिरेबान में झांकें मोदी: मायावती
बसपा सुप्रीमो मायावती ने उड़ी हमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्हें देश की जनता को गुमराह करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के नेताओं को गरीबी, बेरोजगारी और अशिक्षा दूर करने की सलाह देने वाले पीएम मोदी को पहले अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए कि उन्होंने खुद क्या किया?
मायावती ने कहा कि पाकिस्तान मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी जनता को गुमराह कर रहे हैं। देश की जनता उड़ी हमले में शहीद हुए जवानों के मुद्दे पर आक्रोशित है, इसलिए मोदी उनका ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं। मायावती ने ये बातें लखनऊ में बसपा मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में कही।
मायावती ने कहा कि केंद्र की सरकार देश की सुरक्षा करने में नाकाम रही है। कश्मीर में पिछले तीन महीने से हालात खराब है। बार-बार आतंकी हमले में देश की जवानों की जान जा रही है पर सरकार कुछ भी नहीं कर रही है।
मायावती ने कहा कि मोदी सरकार अपने चहेते उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है, उनकी योजनाओं का प्रचार कर रही है, लेकिन अभी तक जनता से किया गया अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया है।
वादे पूरा न करने के कारण ही भाजपा की हो रही हार
मायावती ने कहा कि मोदी सरकार के देश की जनता से किया गया कोई भी वादा पूरा करने के कारण ही दिल्ली, बंगाल व केरल में भाजपा की हार हुई है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने कल केरल के कोझीकोडे में एक जनसभा को सम्बोधित किया था, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान की जनता व नेताओं को संदेश देते हुए कहा था कि हम अपने देश की गरीबी, अशिक्षा व बेरोजगारी से लड़ें, जिस पर प्रतिक्रिया देने के लिए बसपा सुप्रीमो ने प्रेस कांफ्रेंस की थी।
वहीं, यूपी में मंत्रिमंडल के विस्तार पर मायावती ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उन्होंने जवाब दिया कि जब हो जाएगा तब कुछ कहेंगे।