भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव से मिले मौलाना कल्बे जव्वाद, बढ़ी सरगर्मी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्रीराम जन्मभूमि पर सर्वोच्च न्यायालय के इसी महीने आने वाले संभावित फैसले की चर्चाओं के बीच शुक्रवार को शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से मुलाकात ने सियासी गलियारों में सरगर्मी बढ़ा दी है।
राजनीतिक विश्लेषक इसके पीछे अयोध्या मामला मान रहे हैं। हालांकि स्वतंत्र देव सिंह ने इसे सिर्फ शिष्टाचार भेंट बताया। उन्होंने कहा कि मौलाना दिवाली की शुभकामनाएं देने आए थे।
लगभग 30 मिनट तक हुई बातचीत
मौलाना कल्बे जव्वाद लगभग दो बजे भाजपा अध्यक्ष के आवास पर पहुंचे। उनके साथ कुछ अन्य लोग भी थे। सभी ने प्रदेश अध्यक्ष को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
जानकारी के मुताबिक, लगभग 30 मिनट की बातचीत में मौलाना कल्बे जव्वाद ने स्वतंत्र देव सिंह को उदारवादी मुस्लिम चेहरों को पार्टी में तवज्जो देने के लिए बधाई दी।
साथ ही आग्रह किया कि उदारवादी मुस्लिमों को भाजपा में लाने का सिलसिला और बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने अपनी तरफ से प्रदेश अध्यक्ष को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
अयोध्या पर भी अटकलें तेज
अयोध्या पर भी अटकलें तेज
स्वतंत्र देव भले ही इसे शिष्टाचार भेंट करार दे रहे हों लेकिन माना जा रहा है कि अयोध्या के मद्देनजर यह मुलाकात भविष्य की परिस्थितियों के मद्देनजर माहौल को सामान्य बनाए रखने की कोशिश का हिस्सा है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच अयोध्या मुद्दे पर भी चर्चा हुई। शिया धर्मगुरु की तरफ से प्रदेश अध्यक्ष को आश्वस्त किया गया कि सर्वोच्च न्यायालय का जो भी निर्णय आएगा वह उसे खुले मन से स्वीकार करेंगे।
उन्होंने आश्वस्त किया कि उनके और उनके समाज के लिए सबसे पहली प्राथमिकता आपसी भाईचारा है। इसे बनाए रखने के लिए वह कटिबद्ध हैं। भाजपा अध्यक्ष ने भी उन्हें धन्यवाद दिया।