यूपी के मुख्यमंत्री पद के लिए मनोज सिन्हा का नाम तय, केशव भी दौड़ में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के नए मुख्यमंत्री को लेकर बना सस्पेंस शनिवार को खत्म हो जाएगा। भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक पहली बैठक में सूबे के नए सीएम के नाम पर मुहर लगाएंगे।
सीएम कौन होगा, इस पर से भाजपा नेतृत्व ने भले ही परदा न उठाया हो, लेकिन सूत्रों की मानें तो गाजीपुर से सांसद और केंद्रीय रेल राज्यमंत्री व संचार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनोज सिन्हा के नाम पर सहमति बन चुकी है। विधायकों की बैठक में इनके नाम पर औपचारिक मुहर लग जाएगी।
हालांकि प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य का नाम भी दौड़ में शामिल है। जिसे भी सीएम चुना जाएगा, उसे रविवार दोपहर सवा दो बजे स्मृति उपवन में शपथ दिलाई जाएगी। उनके साथ 35 से 40 मंत्री भी शपथ ले सकते हैं।
मुख्यमंत्री का नाम तय करने के लिए शनिवार को लोकभवन (नवीन सचिवालय भवन) स्थित सभागार में शाम 5 बजे भाजपा विधायकों की बैठक बुलाई गई है।
केशव के पक्ष में पैरवी कर रहा है एक खेमा
सूत्रों के मुताबिक संघ से विचार-विमर्श के बाद भाजपा नेतृत्व ने सिन्हा को सूबे की कमान सौंपने का मन बना लिया है। बावजूद इसके एक खेमा केशव मौर्य की पैरवी कर रहा है।
इस खेमे का तर्क है कि पिछड़ों ने जिस तरह भाजपा के पक्ष में वोट दिए हैं उसके चलते मौर्य को मुख्यमंत्री बनाने से संदेश ठीक जाएगा। पर, बताया जाता है कि भाजपा नेतृत्व केशव की मेहनत का कायल होते हुए भी संगठनात्मक स्तर पर बहुत फेरबदल नहीं करना चाहता।
पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि पार्टी नेतृत्व केशव के कौशल का निकट भविष्य में होने वाले स्थानीय निकायों के चुनाव और अन्य संगठनात्मक कामकाज में उनका उपयोग करना चाहता है।
सिन्हा विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता रहे हैं तो केशव संघ के पूर्णकालिक कार्यकर्ता रहे हैं। विधायकों की बैठक में बतौर पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भूपेन्द्र यादव भी मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी बनेंगे शपथग्रहण के साक्षी
पीएम नरेन्द्र मोदी सीएम के शपथग्रहण समारोह में हिस्सा लेंगे। उनके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र व यूपी के केंद्र में अन्य कई मंत्री व सांसद भी शपथग्रहण के साक्षी बनेंगे। भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और पार्टी के अन्य प्रमुख नेताओं के भी शपथग्रहण का साक्षी बनने की संभावना है।
सिन्हा बोले- सीएम पद की रेस में नहीं हूं
रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने भी खुद को इस दौड़ से बाहर बताया है। संसद भवन परिसर में उन्होंने कहा कि न तो वे खुद इस रेस में हैं और न ही उन्हें पता है कि अन्य कौन लोग इस रेस में शामिल हैं।
हालांकि, जब वे शाम को काशी पहुंचे तो मीडिया के सवालों पर कहा कि अगर पीएम मोदी और अध्यक्ष अमित शाह की ओर से इसके लिए आदेश दिया जाएगा तो इसका पालन किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि वे रेल व संचार मंत्रालय से खुश हैं।
केशव बोले- दौड़ में कई नाम
प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने संसद परिसर में कहा कि सीएम पद के लिए कई नाम दौड़ में हैं। किसी का भी नाम हो सकता है। नाम तय करने का काम मेरे जिम्मे है। मैंने अपनी रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को सौंप दी है।
नाईक बोले- नए सीएम की राह देखने का भी अपना आनंद
सूबे में नए मुख्यमंत्री को लेकर हो रहे विलंब पर राज्यपाल राम नाईक ने शुक्रवार को कहा कि राह देखने का भी अपना आनंद होता है।
संगीत नाटक अकादमी में उन्होंने मीडिया से कहा कि इस देरी से आपको थोड़ी परेशानी हो रही है, लकिन राह देखने का आपको भी आनंद लेना चाहिए।