परिकर ने किया राज्यसभा के लिए नामांकन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के नवनियुक्त रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने सोमवार को राज्यसभा के लिए भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया। यूपी से राज्यसभा की जिन 10 सीटों पर चुनाव हो रहा है, भाजपा उनमें से एक सीट आराम से जीत सकती है। बाकी छह सीटों के लिए सपा, दो के लिए बसपा और एक के लिए कांग्रेस के प्रत्याशी पहले ही नामांकन कर चुके हैं।
परिकर रक्षामंत्री की शपथ लेने के बाद रविवार शाम ही नामांकन के लिए राजधानी आ गए थे। यहां वे एक होटल में ठहरे थे। सोमवार को वहां से वह पहले भाजपा विधायकों की बैठक में शामिल होने पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने यूपी से राज्यसभा सदस्य बनने का मौका देने के लिए भाजपा विधायकों के प्रति आभार जताया।
इसके बाद वे केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र व राजीव प्रताप रूडी, भाजपा विधानमंडल दल के नेता सुरेश खन्ना व विधान परिषद में पार्टी के नेता हृदय नारायण दीक्षित के अलावा विधायकों के साथ विधानभवन स्थित पार्टी के विधानमंडल दल कार्यालय पहुंचे। राज्यसभा सांसद कुसुम राय व सांसद जगदंबिका पाल भी साथ-साथ थे।
यहां परिकर ने नामांकन से जुड़े प्रपत्रों को पूरा किया। इसके बाद वे कलराज, रूडी, अन्य नेताओं व विधायकों के साथ नामांकन के लिए सेंट्रल हॉल पहुंचे। वहां परिकर ने प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप कुमार दुबे के समक्ष नामांकन किया।
लगते रहे 'भारत मां की जय' के नारे
करीब आधे घंटे चली नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुछ भाजपा विधायक ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते नजर आए।
इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, विधायक राधा मोहन दास अग्रवाल, बावन सिंह, श्यामदेव राय चौधरी, रवींद्र जायसवाल व विजय बहादुर यादव आदि उपस्थित रहे।
नामांकन से पहले राज्यपाल से मिले
रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले राजभवन में राज्यपाल राम नाईक से मुलाकात की। नाईक ने उन्हें सुबह नाश्ते पर बुलाया था।
परिकर सुबह करीब आठ बजे राजभवन पहुंचे और नाश्ते पर नाईक के साथ बातचीत की। वे लगभग आधे घंटे तक राजभवन में रहे।