चौथी बेटी हुई तो पत्नी को तीन तलाक बोलकर घर से भगा दिया, न्याय के लिए भटक रही महिला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोंडा जिले के सर्वांगपुर गांव में एक पति ने चौथी बेटी को जन्म देने पर अपनी पत्नी को तीन तलाक देकर उसे घर से भी भगा दिया। पीड़ित महिला ने सीएम से लेकर महिला आयोग तक न्याय की गुहार लगाई। मगर अभी तक उसे न्याय नहीं मिल सका।
थाना कटरा बाजार क्षेत्र के गंडराही की रहने वाली यासमीन बेगम की शादी 15 साल पहले सर्वांगपुर गांव के रहने वाले मीन मोहम्मद के साथ हुई थी। उसके बाद यासमीन ने एक बेटी का जन्म दिया। पति व ससुराल के लोग बेटा पैदा होने की उम्मीद लगाए बैठे थे। मगर उसके बाद यासमीन के तीन और बेटियां पैदा हुईं।
लगातार चौथी बेटी के जन्म से भड़के मीन मोहम्मद ने पत्नी को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। यासमीन का आरोप है कि पति व ससुराल वाले बेटी के जन्म के बाद से ही उसे प्रताड़ित करने लगे यहां तक कि उसे खर्च देना भी बंद कर दिया।
अब वह अपनी चार बेटियों का किसी तरह मजदूरी कर पालन पोषण कर रही है। यासमीन ने बताया कि उसने थाना कटरा बाजार में पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। मगर पुलिस ने प्रताड़ना का केस तो दर्ज कर दिया, लेकिन तीन तलाक का मामला दर्ज नहीं किया। यासमीन के मुताबिक उसने सीएम व महिला आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई। मगर उसे न्याय नहीं मिला।
दर्ज किया गया है दहेज प्रताड़ना का मामला
मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मणिलाल पाटीदार का कहना है कि दहेज प्रताड़ना का मुकदमा थाना कटरा बाजार में दायर किया गया है। जिस पर विवेचक ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय में महिला के गुजारा भत्ता का भी केस चल रहा है। महिला आयोग में इसी मसले पर तीन तलाक की शिकायत की गई है। इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है।