{"_id":"6afa6c46f4024f30b90577c2","slug":"lucknow-university-put-deceaseds-on-duty-at-cm-tablet-distribution-event-2026-11-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी: लखनऊ विश्वविद्यालय का गजब कारनामा, सीएम के टैबलेट वितरण कार्यक्रम में लगा दी चार मृतकों की ड्यूटी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी: लखनऊ विश्वविद्यालय का गजब कारनामा, सीएम के टैबलेट वितरण कार्यक्रम में लगा दी चार मृतकों की ड्यूटी
Mon, 16 Nov 2026 08:07 AM IST
Bhupendra Singh
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
Published by: Bhupendra Singh
Updated Mon, 16 Nov 2026 08:07 AM IST
सार
लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने मुख्यमंत्री के राष्ट्र प्रेरणा स्थल कार्यक्रम की ड्यूटी सूची में चार दिवंगत और एक लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारी का नाम शामिल कर दिया। सोशल मीडिया पर सूची वायरल होने और हंगामा मचने के बाद विश्वविद्यालय ने इसे 'लिपिकीय त्रुटि' बताते हुए कार्यक्रम से पहले ठीक करने का दावा किया है।
विज्ञापन
लखनऊ विश्वविद्यालय।
विस्तार
राष्ट्र प्रेरणा स्थल में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने मृत कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी। शनिवार रात मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हंगामा मच गया। आरोप है कि सूची में चार ऐसे कर्मचारियों के नाम शामिल कर दिए गए, जिनका पहले ही निधन हो चुका है। वहीं कई वर्षों से अनुपस्थित चल रहे एक कर्मचारी की भी ड्यूटी लगा दी गई। विवि प्रशासन का कहना है कि लिपिकीय त्रुटि की वजह से ऐसा हुआ, जिसे कार्यक्रम शुरू होने से पहले ठीक करा लिया गया था।
विज्ञापन
कर्मचारी नेता रिंकू राय ने बताया कि ड्यूटी सूची के क्रम संख्या 51 पर रसायन विज्ञान विभाग के स्वर्गीय राजीव अवस्थी और क्रम संख्या 53 पर स्वर्गीय ओम प्रकाश का नाम दर्ज कर दिया गया। इसी तरह क्रम संख्या 170 पर आर्ट्स फैकल्टी के स्वर्गीय दुर्जन और क्रम संख्या 186 पर कॉमर्स विभाग के स्वर्गीय जी. वेंकटरमन का नाम भी शामिल किया गया था। सूची के क्रम संख्या 175 पर अनिल कुमार शुक्ला का नाम भी दर्ज है जबकि वह पिछले कई वर्षों से अनुपस्थित चल रहे हैं।
विज्ञापन
रिंकू राय ने कहा कि मुख्यमंत्री के महत्वपूर्ण कार्यक्रम की ड्यूटी सूची तैयार करने से पहले कर्मचारियों की सेवा स्थिति और विभागीय रिकॉर्ड का सत्यापन किया ही नहीं गया और कुलसचिव की ओर से इसे पास करा लिया गया। चार दिवंगत कर्मचारियों के नाम शामिल होना विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली और रिकॉर्ड प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
विज्ञापन
इस संबंध में लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि मामला विश्वविद्यालय के संज्ञान शनिवार रात को ही आ गया था। इसके बाद ड्यूटी सूची का सत्यापन कराया गया और लिपिकीय त्रुटियों को कार्यक्रम से पहले ही ठीक करवा दिया गया था। कार्यक्रम के लिए लविवि के करीब 150 शिक्षकों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
