लखनऊ: बिजली कटौती से उग्र हुए लोग, उपकेंद्र पर किया हमला-तोड़फोड़, लाइनमैन की पिटाई, जाम की रोड
Power cut in lucknow: लखनऊ में लगातार हो रही बिजली कटौती से जनता उग्र हो उठी। सोमवार की देर रात राजाजीपुरम उपकेंद्र पर स्थानीय लोगों ने हमला बोल दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिजली संकट और कटौती को लेकर लखनऊ के लोग आंदोलित हो उठे। राजाजीपुरम ओल्ड उपकेंद्र के 10 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर में आई खराबी के कारण मीना बेकरी, सपना कॉलोनी, सेक्टर 12 व 13 सहित आवास विकास कॉलोनी के करीब 5000 उपभोक्ताओं की बिजली रविवार देर रात गुल हो गई। इसके विरोध में रात करीब दो बजे 70-80 उपभोक्ताओं के साथ में आए अराजक तत्वों ने उपकेंद्र पर एसकेडी स्कूल की तरफ से हमला कर दिया। उपकेंद्र पर कब्जा करने के बाद पौने चार घंटे तक तोड़फोड़ व पथराव किया। घूम-घूम कर बिजली विभाग व सरकार विरोधी नारे लगाए। इस हमले से ड्यूटी पर मौजूद इंजीनियर एवं कर्मचारी जान बचाकर भाग गए।
सुबह करीब पौने छह बजे जब पुलिस व स्थानीय पार्षद अजय दीक्षित ने हस्तक्षेप किया तब उपद्रवियों से उपकेंद्र खाली हुआ। इसके बाद ट्रांसफार्मर की खराबी दूर कर सोमवार सुबह 10:30 बजे बिजली चालू की गई। करीब पौने नौ घंटे तक बिजली ठप रहने से 5000 उपभोक्ताओं को पानी का संकट भी झेलना पड़ा। इससे पहले सी ब्लॉक में डबल रोड पर रविवार देर रात ट्रांसफार्मर की केबल जलने से सपना काॅलोनी, सेक्टर 12 व 13 की बिजली चली गई थी। केबल की मरम्मत के बाद बिजली चालू हुई, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर चली गई। इसके विरोध में भी लोगों ने रात में ही उपकेंद्र के सामने की सड़क जाम कर आधे घंटे प्रदर्शन किया था।
उपकेंद्र और जेई कक्ष को बनाया निशाना
प्रदर्शनकारियों ने उपकेंद्र एवं जेई कक्ष को निशाना बनाया। पहले ऑपरेटर की मेज-कुर्सी पलट कर तोड़ दी, फिर शिकायत दर्ज करने वाली लॉगशीट फाड़ दी। इसके बाद जेई कक्ष के एसी, कंप्यूटर सहित खिड़कियों को ईंटों से तोड़ डाला। इस कदर पथराव किया कि उपकेंद्र के भीतर समूचे ईंट और पत्थर पैनल तक पहुंच गए। ऑफिस में पथराव भी किया गया। अराजक तत्वों के खिलाफ जेई ने हमला, तोड़फोड़ व सरकारी काम में बाधा डालने की एफआईआर दर्ज कराई है।
लाइनमैन की पिटाई
राजाजीपुरम में ही पाल तिराहा उपकेंद्र के एफ ब्लॉक में लगातार दूसरे दिन रविवार को बिजली संकट से परेशान लोगों ने उपकेंद्र के लाइनमैन मुन्ना की पिटाई कर दी। मामले में लाइनमैन ने सोमवार को एफआईआर कराई गई है।
तीन दिन से घर नहीं जा सके इंजीनियर
राजाजीपुरम ओल्ड व पाल तिराहा उपकेंद्र इलाके में गत शुक्रवार से एबीसी, केबल जलने, ट्रांसफार्मर एवं भूमिगत केबल में खराबी से रात में बत्ती गुल हो रही है। एक्सईएन डीके गुप्ता ने बताया कि बंद बिजली चालू करने के लिए इंजीनियरों को रात-रात भर उपकेंद्र पर रुकना पड़ रहा है। वे तीन दिन से घर नहीं जा सके हैं।
10 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर स्वीकृत
मध्यांचल निगम ने सोमवार को राजाजीपुरम के पाल तिराहा उपकेंद्र के लिए 10 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर स्वीकृत किया है। मुख्य अभियंता रवि अग्रवाल ने बताया कि इस ट्रांसफार्मर को लगाने की प्रक्रिया इसी हफ्ते शुरू हो जाएगी। इससे ई, एफ ब्लॉक, आलमनगर रोड, कैंपवेल रोड सहित बड़े हिस्से का बिजली संकट दूर होगा।
वर्जन
डायाफ्राम फटने से गुल हुई बिजली
राजाजीपुरम ओल्ड उपकेंद्र के 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर का डायाफ्राम रात 1:45 बजे अचानक फट गया। इससे मीना बेकरी सहित आसपास के बड़े हिस्से की बत्ती गुल हो गई। इंजीनियर रात में ही गड़बड़ी सही कर रहे थे, तभी उपभोक्ताओं की आड़ में आए अराजक तत्वों ने उपकेंद्र पर धावा बोल दिया। हालांकि, इंजीनियरों ने 10 एमवीए ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त होने से बचा लिया।- रवि अग्रवाल, मुख्य अभियंता लखनऊ सेंट्रल जोन लेसा
राजाजीपुरम में बनेंगे नए उपकेंद्र
मध्यांचल निगम के एमडी भवानी सिंह खंगारौत सोमवार को घटना का जायजा लेने के लिए राजाजीपुरम उपकेंद्र पहुंचे। उन्होंने अधीक्षण अभियंता मुकेश त्यागी एवं एक्सईएन डीके गुप्ता को निर्देश दिए कि जमीन की खोजबीन कीजिए, यहां के संकट को दूर करने के लिए नए उपकेंद्र बनाए जाएंगे। उन्होंने उपकेंद्र बनाने का प्रस्ताव तैयार करने के भी कहा। इसी प्रकार लखनऊ सेंट्रल जोन के मुख्य अभियंता रवि अग्रवाल ने अधीक्षण अभियंता आरसी पांडेय के साथ बालागंज उपकेंद्र का निरीक्षण किया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.