{"_id":"63f234af99e1c6810c0a8b9d","slug":"lucknow-news-the-success-of-global-investors-conference-and-g-20-will-be-the-shield-of-the-government-2023-02-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News : वैश्विक निवेशक सम्मेलन और जी-20 की सफलता बनेंगे बजट सत्र में सरकार की ढाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News : वैश्विक निवेशक सम्मेलन और जी-20 की सफलता बनेंगे बजट सत्र में सरकार की ढाल
Sun, 19 Feb 2023 08:28 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Sun, 19 Feb 2023 08:28 PM IST
सार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में रविवार शाम लोक भवन में भाजपा विधानमंडल दल की बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी के विधायक सदन में मौजूद रहकर सत्ता पक्ष की उपलब्धियों को बताएं साथ ही विपक्ष के आरोपों का मजबूती से जवाब दें।
विज्ञापन
सीएम आदित्यनाथ योगी
विस्तार
वैश्विक निवेशक सम्मेलन (ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट)-2023 और जी-20 समिट की आगरा और लखनऊ में आयोजित बैठक की सफलता विधानमंडल के बजट सत्र में सत्ता पक्ष की ढाल बनेंगे। सरकार दोनों समिट के सफल आयोजन को मुद्दा बनाकर विपक्षी दलों के हमले की धार को कुंद करने का प्रयास करेगी।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में रविवार शाम लोक भवन में भाजपा विधानमंडल दल की बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी के विधायक सदन में मौजूद रहकर सत्ता पक्ष की उपलब्धियों को बताएं साथ ही विपक्ष के आरोपों का मजबूती से जवाब दें।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने वैश्विक निवेशक सम्मेलन का सफल आयोजन किया है। 33.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश क रार साइन हुए है। इससे 93 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार आगामी छह महीने में पहला भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन कराने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा जी-20 समिट की आगरा और लखनऊ में सफल बैठक आयोजित हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन के दौरान विधायक इन दोनों की सफलता को बताएं। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण और बजट पर चर्चा करते हुए सदन में मजबूती से अपना पक्ष रखें। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की बेहतर स्थिति, किसानों की आय दोगुना करने के लिए उठाए जा रहे कदम और संकल्प पत्र के वादे पूरे करने जैसे मुद्दों पर विधायक मजबूती से बात रखकर विपक्ष को करारा जवाब दें। उन्होंने कहा कि सभी विधायक सदन की कार्यवाही के दौरान सदन में उपस्थित रहें। बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह सहित अन्य मंत्री मौजूद थे।
विज्ञापन
मोटे अनाज पर भी रखेंगे बात
सदन में मोटे अनाज के उत्पादन और उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से चलाए जा रहे अभियान को भी रखा जाएगा। सदन में मोटे अनाज के उत्पादन से किसानों और उपयोग से उपभोक्ताओं को होने वाले फायदे बताए जाएंगे।
सभी विधायक सदन में अवश्य बोलें
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सभी विधायक सदन में अवश्य बोलें। सदन की कार्यवाही लंबी अवधि तक संचालित की जा रही है। सभी विधायकों को बोलने का मौका मिलेगा। विधायक चाहे अपना विषय कागज में लिखकर लाएं, उसे सदन में पढ़ें अवश्य।
विधायकों को मोटे अनाज का भोज देंगे मंत्री
बैठक में तय किया गया कि विधानमंडल सत्र के दौरान सभी मंत्री अपने प्रभार वाले जिलों के विधायकों के साथ उनके क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान को लेकर बैठक करेंगे। बैठक के बाद उन्हें मोटे अनाज का भोजन कराएंगे।
विधायकों के निधन पर शोक जताया
भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में अपना दल के विधायक स्वर्गीय राहुल प्रकाश कौल और भाजपा एमएलसी बनवारीलाल दोहरे के निधन पर शोक व्यक्त किया गया।