अगले साल 3 दिसंबर को दौड़ने के लिए तैयार रहेगी लखनऊ मेट्रो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ मेट्रो का काम अगले साल तीन दिसंबर को हर हाल में समाप्त हो जाएगा। यानी, लखनऊ मेट्रो ट्रेन के साथ परीक्षण के लिए तैयार हो जाएगी। यह दावा किया है लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एलएमआरसी) के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने।
उन्होंने बृहस्पतिवार को बताया कि किसी भी परिस्थिति में 364 दिन बाद मेट्रो एक ट्रेन के साथ ट्रायल के लिए तैयार रहेगी। मेट्रो के प्राइमरी सेक्शन के 8.5 किमी तक एलएमआरसी स्तर के सारे काम पूरे हो जाएंगे। मेट्रो का ट्रायल कब करना है, इसकी तारीख राज्य सरकार को तय करना है।
एलएमआरसी में काम खत्म करने को लेकर लगाई गई उल्टी गिनती की घड़ी बृहस्पतिवार को 364 दर्शा रही थी। यानी, इतने दिन बाद मेट्रो परियोजना का काम पूरा हो जाएगा। मीडिया से रूबरू हुए कुमार केशव ने कहा कि उनके लिए तो बस 364 दिन ही शेष हैं। इस अवधि में काम खत्म करने के बाद इसकी पूरी जानकारी सरकार को दे दी जाएगी।
स्टाफ की भर्ती की कवायद शुरू
कुमार केशव ने बताया कि परीक्षण के लिए टेक्निकल स्टाफ की जरूरी पड़ेगी। इसलिए अब कंट्रोलर, चीफ कंट्रोलर, सिग्नलिंग, इलेक्ट्रो-मैकेनिकल जैसे तमाम कामों के लिए कर्मचारियों की भर्ती शुरू की जाएगी। एलएमआरसी बोर्ड मीटिंग में इस संबंध में फैसला ले चुका है।
स्टेशनों और ट्रेन संचालन के लिए जरूरी करीब 300 तकनीकी स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया अगले हफ्ते से शुरू हो जाएगी। इनमें से 42 कर्मचारी रनिंग मेट्रो प्रोजेक्ट से सीधे इंटरव्यू के जरिये लिए जाएंगे। ये प्रशिक्षित कर्मचारी होंगे।
बाकी का चयन टाटा कंसल्टेंसी के माध्यम से लिखित परीक्षा से किया जाएगा। इसके जरिये जिन लोगों का भी चयन होगा, उनको अप्रैल से अक्तूबर 2016 तक प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद इनको पहले 8.50 किमी के स्टेशनों पर तैनाती दे दी जाएगी।
एक अप्रैल से शुरू होगा अंडरग्राउंड मेट्रो का काम
मेट्रो के अंडरग्राउंड सेक्शन का काम अगले साल एक अप्रैल से शुरू होगा। इसके तहत चारबाग से केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बीच सिविल वर्क होने से यहां बड़े पैमाने पर यातायात में फेरबदल की तैयारियां भी शुरू हो जाएंगी। प्री बिड मीटिंग के बाद टेंडर प्रक्रिया जारी है। 25 जनवरी को तकनीकी बिड ओपन होगी और मार्च के मध्य तक कंपनी का चयन हो जाएगा।