UP: घर बैठे पैसे कमाने के लालच में आएंगे तो मोटी रकम गंवाएंगे, साइबर ठग पहले मुनाफा देकर भी बना रहे शिकार
साइबर ठग व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर फोन हैक करते हैं और बैंक खाता खाली कर देते हैं। ठग एपीके फाइल भेजकर फोन हैक करते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जेल भेजने की धमकी देकर डिजिटल अरेस्ट करने वाले ठग घर बैठे पैसे कमाने का लालच देकर भी लोगों को झांसे में ले लेते हैं। ऐसे में अगर कोई आपको फोन कर सोशल मीडिया पर लाइक, कमेंट करने के नाम पर रुपये कमाने का झांसा देता है, तो सावधान हो जाएं। यह साइबर अपराधियों की चाल हो सकती है।
साइबर विशेषज्ञ प्रशांत वर्मा का कहना है कि कुछ लोग वर्क फ्रॉम होम या पार्ट टाइम जॉब के लिए अलग-अलग वेबसाइट पर जाकर पड़ताल करते हैं। कई बार लोग ठगों की बनाई गई वेबसाइट पर ही अपना ब्योरा साझा कर देते हैं। इसके बाद ठग फोन कर लोगों से संपर्क करते हैं। शुरू में ठग लोगों को एक हजार या दो हजार रुपये का मुनाफा भी देते हैं, लेकिन बाद में वह निवेश करने पर ज्यादा रकम कमाने का लालच देकर रुपये हड़प लेते हैं।
ये भी पढ़ें - भावुक हुआ राष्ट्रकथा का मंच: 'दबदबा' सुन आंसू न रोक सके बृजभूषण शरण सिंह, मंच पर ही बहने लगी अश्रुधारा; वीडियो
ये भी पढ़ें - यूपी में पांच डिग्री तक गिरेगा पारा, कोहरे संग चलेंगी बर्फीली हवाएं; कल भी बंद रहेंगे स्कूल
अमर उजाला में साइबर ठगों के खिलाफ चल रहे अभियान को देखकर कृष्णानगर निवासी आलोक सोनी ने अपना अनुभव साझा किया है। उन्होंने बताया कि ठगों ने उनके जानने वाले कुछ लोगों को घर बैठे पैसे कमाने का झांसा दिया और रुपये हड़प लिए। आलोक का कहना है कि साइबर ठगी के बारे में विस्तृत अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने की दरकार है।
जानकारी के अभाव में लोग ठगों के जाल में फंसकर जीवन भर की कमाई गंवा दे रहे हैं। साइबर जालसाज एपीके फाइल भेजकर लोगों का फोन हैक करते हैं। इसके बाद फोन से बैंक खातों से सारी रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लेते हैं। ऐसे में लोग अंजान नंबर से भेजे गए एपीके फाइल डाउनलोड न करें।
महंगे गिफ्ट का ऑफर मतलब मुसीबत
सोशल मीडिया पर दोस्ती कर ठग लोगों को महंगे गिफ्ट देने की बात भी कहते हैं। इसके बाद उनके पास अंजान नंबर से फोन आता है। फोन करने वाला खुद को कस्टम अफसर बताता है। महंगे गिफ्ट को पार्सल भेजने के लिए कस्टम ड्यूटी और चार्ज बताकर लोगों से पैसे वसूले जाते हैं। जब तक लोग कुछ समझ पाते हैं, ठग मोटी रकम ऐंठ चुके होते हैं। ऐसे में अगर आपके पास इस तरह की कोई कॉल आती है तो सावधान हो जाएं।
आप भी बता सकते हैं आपबीती: अगर आपके साथ भी साइबर ठगों ने धोखाधड़ी की है तो आप हमें अपनी आपबीती बता सकते हैं। अमर उजाला साइबर ठगों के खिलाफ अभियान चला रहा है। आपकी बताई गई समस्या प्रकाशित की जाएगी। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। आप हमें 7617566164 पर संपर्क कर सकते हैं।