Lucknow: कार-बाइक की मामूली टक्कर पर दंपती व उनके बच्चों को पीटा, एक को पुलिस ने दौड़कर पकड़ा
मोहनलालगंज कस्बे में कार और बाइक की मामूली टक्कर के बाद दंपती और उनके दो बच्चों से मारपीट की गई। घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी फरार हो गए, हालांकि एक युवक को पकड़ लिया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
मोहनलालगंज कस्बे में शुक्रवार की शाम बाइक व कार की टक्कर के बाद कार सवार लोगों ने दंपती व उनके दो बच्चों के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो पुलिस को मिला तो पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी वहां से भाग निकले। एक आरोपी को पुलिस ने कुछ दूरी पर एक होटल के पास से पकड़ लिया। पीड़ित ने इस संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया है।
मोहनलालगंज के मऊ निवासी रामबरन पत्नी शीला और मासूम बेटे तरुण व बेटी तनवी के साथ बाइक से शुक्रवार शाम पांच बजे ससुराल से लौट रहे थे। आरोप है कि मोहनलालगंज कस्बे में जुनाबगंज रोड पर ढाबे के पास उनकी बाइक और एक कार में मामूली सी टक्कर हो गई।
टक्कर लगते ही बाइक सवार परिवार गिरकर जख्मी हो गया। उन लोगों ने विरोध किया तो कार सवार गाली-गलौज करने लगे और कुछ जानने वालों को बुला लिया। इसके बाद कार सवार लोगों व उनके परिचितों में मिलकर रामबरन के साथ मारपीट की। शीला और उसके बच्चों ने रामबरन को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उनके साथ भी हाथापाई की।
वीडियो मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी भागे
बीच सड़क पर मारपीट होते देख लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो पुलिस तक पहुंचा तो कुछ ही देर में मोहनलालगंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख आरोपी वहां से भाग निकले। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक आरोपी युवक को पुलिस ने एक ढाबे के पास से पकड़ लिया।
पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम उन्नाव निवासी नवनीत बताया। इंस्पेक्टर मोहनलालगंज ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने रामबरन की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया गया है। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है।