मोबाइल कैमरे में कैद हुआ 10 लाख की डकैती डालकर भाग रहा बदमाश, महिला को बुरी तरह पीटा
एनएच-56 के निर्माण में लगे इंजीनियर की पत्नी को बंधक बनाकर एक बदमाश ने घर से 10 लाख रुपये कीमत के जेवरात और नकदी लूट ली। महिला के विरोध करने पर उसके गले पर चाकू रखकर पिटाई भी की। घटना के बाद घर की बाउंड्रीवाल फांद रहे बदमाश को इंजीनियर के दोस्त ने अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया। पीड़ित इंजीनियर की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई घटना से लोगों में दहशत है।
कमरौली क्षेत्र की यूपीएसआईडीसी कॉलोनी में अंसार अहमद के मकान में एनएच-56 के फोरलेन निर्माण कार्य में तैनात इंजीनियर शेखर व्यास अपनी पत्नी अंजली के साथ किराए पर रहते हैं। शनिवार सुबह करीब 11 बजे शेखर ड्यूटी पर चले गए, जबकि उनकी पत्नी अंजली घर का मुख्य गेट बंद कर जरूरी काम निपटा रही थी।
उस दौरान एक बदमाश मकान की बाउंड्रीवाल फांदकर घर में घुस गया। उसने अंजली के गले पर चाकू रख दिया। इसके बाद उसने अंजली के गले से मंगल सूत्र, हीरे की अंगूठी समेत 10 लाख रुपये कीमत के जेवरात और पांच हजार रुपये नकद लूट लिया। अंजली ने विरोध किया तो बदमाश ने उसकी पिटाई भी की।
संदेह हुआ तो तस्वीर ले ली
लूटपाट के बाद जब बदमाश घर की बाउंड्रीवाल फांदकर बाहर निकल रहा था तभी शेखर व्यास के दोस्त इंजीनियर अभिषेक गुप्ता वहां पहुंच गए। अभिषेक को कुछ संदेह हुआ तो उन्होंने अपने मोबाइल फोन से युवक की तस्वीर खींच ली। बदमाश बाउंड्रीवाल फांदने के बाद नीचे उतरा और पैदल ही भाग गया। अभिषेक ने जब अंजली को आवाज दी तो वह रोते हुए बाहर निकली और आपबीती सुनाई।
घटना की जांच शुरू कर दी
घर में लूटपाट व मारपीट की सूचना पाते ही शेखर व्यास भी घर पहुंच गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। दिनदहाड़े लूट की सूचना मिलते ही सीओ मुसाफिरखाना सूक्ष्म प्रकाश, थानाध्यक्ष कमरौली प्रह्लाद सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।