Lucknow: कानपुर हाईवे पर खड़े वाहन में घुसा तेज रफ्तार लोडर, चालक सहित दो की दर्दनाक मौत
कानपुर हाईवे पर बंथरा में सरोज पाइप कंपनी के सामने पेट्रोल पंप के पास खड़े अज्ञात माल वाहक वाहन में तेज रफ्तार लोडर टकरा गया। हादसे में दो की मौत हो गई।
विस्तार
बंथरा इलाके में बुधवार की देर रात कानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार लोडर वाहन सड़क किनारे खड़े अज्ञात माल वाहक वाहन में जा घुसा। हादसे में लोडर में सवार चालक सीतापुर बिसवां ब्राह्मणी टोला निवासी पंकज गुप्ता (27) और साथी बिसवां स्थित शंकरगंज निवासी दीपू गुप्ता (24) की मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात माल वाहक वाहन चालक गाड़ी लेकर भाग गया।
एडिशनल इंस्पेक्टर बंथरा बिजेंद्र सिंह ने बताया कि पंकज साथी दीपू के साथ कानपुर से प्लास्टिक दाना व प्लास्टिक सामान लेकर लोडर से बुधवार रात सीतापुर के बिसवां जा रहे थे। रात करीब एक बजे बंथरा कानपुर हाईवे पर सरोज पाइप कंपनी के सामने पेट्रोल पंप के पास खड़े अज्ञात माल वाहक वाहन में तेज रफ्तार लोडर जा घुसा। हादसे में लोडर सवार पंकज व दीपू दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर बंथरा पुलिस और सरोजनीनगर फायर स्टेशन से एफएसओ सुमित प्रताप सिंह टीम के साथ पहुंच गए।
ये भी पढ़े- UP: कानपुर के सीएमओ हरिदत्त नेमी निलंबित किए गए, डीएम से विवाद का ऑडियो हुआ था वायरल
ये भी पढ़े- Lucknow: कोर्ट परिसर से दहेज उत्पीड़न का आरोपी पुलिस अभिरक्षा से भागा, दो सिपाहियों के खिलाफ दर्ज कराया केस
केबिन काटकर दोनों को निकाला गया
दोनों वाहनों की भिड़ंत इतनी तेज थी के लोडर वाहन का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक पंकज व उसका साथी दीपू दोनों उसमें फंस गए। दमकल कर्मियों ने केबिन काटकर दोनों को घायल अवस्था में बाहर निकला। पुलिस ने दोनों को सरोजनीनगर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बंथरा पुलिस ने दोनों के परिजनों को हादसे की सूचना दी है। पुलिस सीसीटीवी की मदद से माल वाहक वाहन का पता लगा रही है।