एलडीए ने 2.50 करोड़ के प्लॉट 66 लाख में दे दिए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एलडीए में समायोजन का एक और खेल सामने आया है। इस बार करीब 2.50 करोड़ रुपये के बाजार भाव के प्लॉट रसूखदारों को 66 लाख रुपये में देने का खेल किया गया है। वर्षों तक जिन प्लॉटों को उनके आवंटी भूल चुके थे,ऐसे प्लॉटों से जुड़े खातों में इस वर्ष अचानक एक साथ लाखों रुपये जमा कर दिए गए।
इसके बाद प्लॉट का पूरा धन जमा मान लिया गया। जबकि ये एलडीए के नियमों के विरुद्ध है। आरोप है कि अब इस मामले में समायोजन की तैयारी है। विनम्रखंड के दो और गोमती नगर विस्तार के एक प्लॉट पर 2015 जून में करीब 60 लाख रुपये जमा किए गए।
जबकि इतने बड़े भुगतान के लिए एलडीए वीसी के अनुमोदन का नियम है। इसके बावजूद निचले स्तर पर पूरा खेल कर कायदों को ताक पर रख कर दिया गया। दलालों और बाबुओं की मिलीभगत से लगभग मरणासन्न आवंटन प्रक्रिया को दोबारा जिंदा कर दिया गया है।
विन्रम खंड के प्लॉट 1982 और 1994 में आवंटित किए गये थे। जबकि,गोमती नगर विस्तार का प्लाट 1994 में आवंटित किया गया था। तीनों ही प्लॉटों के मामले में कर्मचारियों और अधिकारियों की लगभग एक ही चेन काम कर रही है। योजना सहायक से लेकर ऊपर तक तीनों ही प्लॉटों में एक जैसे लोग ही सामने आ रहे हैं।
40 फीसदी धन जमा होने पर भी सैकड़ों भूखंड निरस्त
एलडीए में 40 फीसदी तक धन जमा कर चुके सैकड़ों आवंटियों के प्लॉट निरस्त हैं। ऐसे में कुछ लाख रुपये जमा कर ये प्लॉट किस तरह से सलामत रहे और इनका आवंटन कर दिया गया,ये एक बड़ा सवाल है।
एलडीए कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह का आरोप है कि एलडीए में दलालों और भ्रष्ट कर्मचारियों का गठजोड़ है। जो इस तरह से घालमेल कर आवंटन करवा रहा है। इससे अपात्रों को भूखंड दिये जाने की तैयारी है।
इस तरह से आवंटन होने के बाद अब इन भूखंडों की रजिस्ट्री करवाई जाएगी। रजिस्ट्री के तत्काल बाद इनका नामांतरण नए आवंटी को कर प्लॉट समायोजित कर दिया जाएगा। इसीलिए एक मरी हुई आवंटन प्रक्रिया को दोबारा जिंदा किया गया है।
बात अगर एलडीए के ही सेक्टर रेट की करें,तो इन तीन प्लॉटों का दाम कम से कम 1.25 करोड़ रुपये हैं। जबकि, एलडीए में इन प्लॉटों की कुल कीमत लगभग 66 लाख रुपये ही जमा की गई है। वहीं बाजार भाव की बात करें तो कीमत कम से कम ढाई करोड़ रुपये होगी।