यूपी में पकड़ा गया लश्कर का खूंखार आतंकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंटेलिजेंस ब्यूरो की मदद से दिल्ली पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी इरफान को बहराइच से गिरफ्तार किया है। इरफान को कल एक गोपनीय अभियान में बहराइच से दबोचा गया। फिलहाल इरफान दिल्ली पुलिस की कस्टडी में दिल्ली में है।
फरार चल रहे आतंकवादी इरफान को रविवार शाम को दिल्ली से आई स्पेशल सेल की टीम ने खुफिया एजेंसी के अधिकारियों के साथ छापेमारी कर दबोच लिया। वह वर्ष 2004 से फरार चल रहा था।
पकड़ा गया इरफान कुछ दिनों से लश्कर तैयबा के साथ-साथ इंडियन मुजाहिदीन के लिए भी काम कर रहा था। साल भर पूर्व उसे नेपाल पुलिस ने पकड़कर पालपा जेल में निरुद्ध किया था।
लेकिन बीते दिनों आए भूकंप में जेल ढहने पर वह किसी तरह बचकर भागने में कामयाब हो गया था। इरफान सीमा पार कर अपने घर बहराइच पहुंचा।
इसकी भनक लगने के बाद दिल्ली स्पेशल सेल ने उसके गिरफ्तारी की कार्रवाई की। इरफान की गिरफ्तारी के बाद इंडो-नेपाल सीमा पर हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है। खुफिया एजेंसियां और भी चौकन्नी हो गई हैं।
दिल्ली स्पेशल सेल की टीम द्वारा पकड़ा गया इरफान बहराइच के कोतवाली नगर अंतर्गत मोहल्ला नाजिरपुरा बागवानी का मूलनिवासी है। 90 के दशक में वह लश्कर ए तैयबा आतंकियों के संपर्क में आया और बहराइच छोड़कर चला गया।
कई आतंकी वारदातों में रहा है शामिल
बहराइच छोड़ने के बाद उसे इंडो-नेपाल बार्डर का डिप्टी कमांडर बना दिया गया। वर्ष 1993 में कानपुर में राजधानी एक्सप्रेस में हुए विस्फोट में इरफान का नाम सामने आया था।
लेकिन वह पकड़ा नहीं गया था। 1996 में स्पेशल सेल और सीबीआई ने उसे दबोचकर केस चलाया। 1999 में सजा हुई, लेकिन वर्ष 2004 में भाई की शादी में पेरोल के बहाने जेल से निकलकर इरफान रफूचक्कर हो गया था।
तब से उसे खुफिया एजेंसियां तलाश रही हैं, लेकिन इरफान की भनक नहीं मिल पा रही थी। इस बीच इरफान ने आईएम के संस्थापक सदस्य के बेटे आमिर रजा से संपर्क साधा।
कोलकाता में कंप्यूटर संचालन की ट्रेनिंग ली और नेपाल को ठिकाना बना लिया। नेपाल के भैरहवा में रहकर वह आतंकी गतिविधियों को भारत में संचालित कर रहा था।
लेकिन संदिग्ध गतिविधियों के चलते नेपाल पुलिस ने साल भर पूर्व उसे गिरफ्तार कर पालपा जेल में बंद कर दिया। 25 अप्रैल को आए विनाशकारी भूकंप में पालपा जेल का एक बड़ा हिस्सा ढह गया।
बहराइच पुलिस सकते में
उस आपदा में आतंकी इरफान जेल से बचकर निकलने में सफल हो गया। वह नेपाल सीमा पार कर बहराइच पहुंचा और यहीं छिपकर रह रहा था।
इसकी भनक खुफिया एजेंसियों के साथ स्पेशल सेल दिल्ली के अधिकारियों को लगी। इस पर रविवार को स्पेशल सेल दिल्ली की टीम ने बहराइच में छापेमारी कर सीमा के निकट से इरफान को दबोच लिया।
इसकी भनक बहराइच पुलिस को भी नहीं लग सकी। पुलिस अधीक्षक आरएल वर्मा पूरे आपरेशन से अनभिज्ञता जता रहे हैं।
हालांकि स्पेशल सेल दिल्ली के चीफ एसएन श्रीवास्तव ने दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस कर बहरारइच से इरफान की गिरफ्तारी का खुलासा किया है। आतंकी इरफान की गिरफ्तारी के बाद बहराइच पुलिस भी सकते में आ गई है।
इंडो-नेपाल सीमा पर हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है। एसपी ने कहा कि नेपाल से आने जाने वालों की सघन तलाशी के निर्देश दिए गए हैं।