पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने से सपना हुआ साकार : डिप्टी सीएम केशव मौर्य
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर बता दिया कि भाजपा सरकार अन्य दलों की तरह वोट की राजनीति नहीं करती। भाजपा सभी के सम्मान और सरोकारों के ख्याल की राजनीति करती है।
अटल विहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी को छोड़कर किसी सरकार ने कमजोर तबकों का ध्यान नहीं रखा। कांग्रेस ने सबसे ज्यादा समय तक सरकार चलाई पर पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा नहीं दिला सकी। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछड़ों को सामाजिक सम्मान के साथ राजनीतिक सम्मान देने का वायदा निभाया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरे दलों की सरकारों ने पिछड़े वर्गों के हितों के बारे में सोचा होता तो पिछड़ी जातियों की यह दशा न होती। आयोग को संवैधानिक दर्जा मिलने से न सिर्फ पिछड़ों का सामाजिक सम्मान बढ़ेगा बल्कि सामाजिक न्याय की व्यवस्था मजबूत होगी। भाजपा सबका साथ- सबका विकास के रास्ते पर चलती है लेकिन कुछ लोग खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे वाला काम कर रहे हैं।
मौका मिले तो देश बेच डालें
मौर्य ने भाजपा विरोधी दलों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि घुसपैठियों की वकालत करने वालों को शर्म करनी चाहिए। इनके बारे में कहना पड़ रहा है कि मौका मिले तो ये देश बेच डालें। घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर निकालने की तैयारी पूरी तरह उचित है।
घुसपैठियों को देश के नागरिकों के अधिकार नहीं दिए जा सकते। ऐसी मांग करने वाले वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं। यह मांग देश के नागरिकों के अधिकारों में जबरिया छीना-झपटी करने जैसी है।
मौर्य ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने के लिए विधेयक पारित कराने के लिए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री के नाते प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया है। कहा कि प्रदेश सरकार ने गांव-गांव चैपाल लगाकर जनता व सरकार के बीच की दूरी पाटने का काम किया।
क्या संसद में आंख मारने वाले देश चलाएंगे
उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा 2019 में भी जनता का आशीर्वाद प्राप्त कर इस बार से ज्यादा बहुमत से सरकार बनाएगी। देश के हित में प्रधानमंत्री की कुर्सी पर फिर नरेंद्र मोदी बैठेंगे। उन्होंने चुटकी ली कि मोदी नहीं तो क्या संसद में आंख मारने वाले देश चलाएंगे।