काशी में मोदी का पीछा नहीं छोड़ेगा दंगों का 'साया'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने वाराणसी में नरेंद्र मोदी के खिलाफ जाकिया जाफरी को चुनाव लड़ाने की पहल की है।
उन्होंने जाकिया को मोदी के खिलाफ सर्वसम्मत उम्मीदवार बनाने के लिए गैर भाजपा दलों से समर्थन मांगा है। प्रेस कांफ्रेंस में सुनील ने बताया कि जाकिया जाफरी ने मोदी के खिलाफ अदालत में मुकदमा दायर किया था।
वर्ष 2002 के गुजरात दंगों में उनके पति अहसान जाफरी को उनके ही घर में जलाकर मार डालने का आरोप लगाया गया था। विभिन्न अदालतों में सुनवाई के बावजूद जाकिया को इंसाफ नहीं मिल सका।
कहा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, सपा मुखिया मुलायम सिंह और बसपा सुप्रीमो मायावती को उन्होंने पत्र भेजकर जाकिया की उम्मीदवारी के लिए समर्थन देने का आग्रह किया है।
सांप्रदायिकता को रोकना है मकसद
सुनील सिंह का कहना है कि उनका मकसद सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ वास्तविक संघर्ष की शुरुआत करना है।
कहा लोकदल इन चुनावों में सांप्रदायिक ताकतों के विरुद्ध सशक्त राजनीतिक विकल्प के रुप में खुद को प्रस्तुत करेगी।
ऐसे में गुजरात दंगों की पीड़िता होने के कारण जाकिया को लोगों की सहानुभूति मिल सकती है और मुस्लिम वोट जाकिया लोकदल को जा सकता है।
गौरतलब है कि सु्प्रीम कोर्ट की एसआईटी द्वारा क्लीन चिट देने के बावजूद जाकिया का मानना है कि मोदी दंगों के आरोपी हैं और उन्हें इस मामले में सजा मिलनी चाहिए।
हालांकि अभी तक इस पर किसी भाजपा नेता ने टिप्पणी नहीं की है।
मोदी करेंगे नामांकन
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी आज को वाराणसी में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
मोदी वडोदरा से पहले ही अपनी उम्मीदवारी का पर्चा दाखिल कर चुके हैं। भाजपा ने पूरी भव्यता से मोदी का नामांकन कराने की तैयारी की है।
मोदी आज सुबह प्रात: बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलीकाप्टर द्वारा वह काशी हिंदू विश्वविद्यालय पहुंचकर पं. मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।
इसके बाद वह मलदहिया क्रास रोड स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि मोदी काशी विद्यापीठ से खुली जीप में जनता का अभिवादन करते हुए चलेंगे।
निकलेगा नामांकन जुलूस
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि मोदी 11.15 पर मिंट हाउस पहुंचेंगे।
वहां वह स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। कचहरी के पास बैरीकेडिंग से पहले मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और काशी की जनता से आशीर्वाद मांगेंगे।
लगभग दो बजे वह वापस लौट जाएंगे। मोदी के चुनाव संचालन से जुड़े डॉ. बेचनराम ने बताया कि मोदी के नामांकन जुलूस को विजय जुलूस में बदलने की तैयारी की गई है।
मोदी से लोगों को काफी अपेक्षाएं व विश्वास है। यह बात कल फिर साबित हो जाएगी।
मुलायम ने भी चली चाल
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव भी आजमगढ़ से नामांकन दाखिल कर चुके हैं। जिसके बाद से ही पूर्वांचल की राजनीति गर्मा गई है।
बताया जाता है कि आजमगढ़ से मुलायम के चुनाव लड़ने का कारण मोदी के प्रभाव को कम करने की नीति है।
मुलायम ने नामांकन दाखिल करने के बाद ही जनता से अपील भी की थी कि मुझे प्रधानमंत्री नहीं तो कम से कम किंगमेकर तो बना दो।
मुलायम का इशारा साफ था कि वह यूपी में अधिक सीटें जीतना चाहते हैं, जिससे कि सपा की मदद के बिना सरकार न बन सके।