लखनऊः नौ प्रवासियों समेत 11 मिले पॉजिटिव, कैसरबाग में राहत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ में प्रवासियों की वजह से कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। मंगलवार को पॉजिटिव मिले 11 मरीजों में 9 प्रवासी हैं। इसमें से ज्यादातर दो राजस्थान से, बाकी मुंबई से लौटे हैं और क्वारंटीन में थे।
एक केजीएमयू में पॉजिटिव मिली नर्स की भतीजी है तो एक सुल्तानपुर निवासी मरीज है। राजधानी में मिले कुल मरीजों की संख्या 325 हो गई है, जिसमें लखनऊ के 239 है।
17 मई को आलमबाग बस स्टैंड के पास क्वॉरंटीन सेंटर में प्रवासी कामगारों की जांच कराई गई थी। इनमें से नौ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुंबई से लौटीं एक ही परिवार की दो बहनें संक्रमित मिली हैं।
इसी परिवार का एक पुरुष भी संक्रमण की चपेट में मिला है। ये तीनों मोहनलालगंज के निवासी हैं। बीकेटी, बंथरा, मलिहाबाद, हुसैनाबाद, निगोंहा और नगराम ब्लॉक से एक-एक मरीज पॉजिटिव मिले हैं। सभी को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीएमओ कार्यालय के 20 लोग होम क्वारंटीन
कैसरबाग में मंगलवार को भी राहत रही। यहां दो दिन के अंदर लिए गए 120 सैंपल की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अब इस इलाके में सैंपल लेने की प्रक्रिया कम कर दी गई है। जिन लोगों में कोरोना के लक्षण होंगे, उन्हीं के सैंपल लिए जाएंगे।
सीएमओ कार्यालय में आने वाले एंबुलेंस कर्मी के पॉजिटिव आने के बाद यहां के 20 अफसर व कर्मचारियों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। ये सभी घर से ही कार्यालय के काम निपटाएंगे। दो दिन बाद इनकी जांच कराई जाएगी। वहीं बीकेटी के रामसागर मिश्र अस्पताल को खोले जाने का कोई आदेश नहीं हुआ है।
राहत: सिविल के स्टॉफ की रिपोर्ट आई निगेटिव
सिविल अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। यहां के इमरजेंसी वार्ड में करीब पांच दिन पहले एक महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। उसके बाद इमरजेंसी के उस वार्ड को बंद कर दिया गया था।
अस्पताल के निदेशक डॉ. डीएस नेगी ने बताया कि सैनिटाइजेशन के बाद वार्ड में मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया था। अस्पताल के डॉक्टर व स्टॉफ समेत 20 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।