शिवराज सिंह बोले, यूपी में विकास नहीं, गुंडाराज और अपराध दिखता है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कहीं विकास नजर नहीं आता, बल्कि गुंडाराज और अपराध ही दिखाई देता है।
एमपी से अधिक क्षेत्रफल और प्राकृतिक संसाधनों के बावजूद यूपी विकास में बहुत पीछे रह गया है। भाजपा सरकार बनने पर भाजपा शासित राज्यों की तरह यूपी भी विकास पथ पर दौड़ेगा।
शिवराज सोमवार को यहां भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि यूपी में चुनाव प्रचार के दौरान केवल सैफई में कुछ काम नजर आए, बाकी स्थानों पर कहीं विकास दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि यूपी में परिवर्तन की लहर चल रही है।
जनता भ्रष्टाचार और गुंडाराज से मुक्ति चाहती है। मध्यप्रदेश में कृषि विकास दर 20 प्रतिशत से अधिक है जबकि यूपी में 2.9 प्रतिशत ही है। जब उन्हें एमपी की सत्ता मिली थी तब सिंचित क्षेत्र 7.5 लाख हेक्टेयर था, जो आज 40 लाख हेक्टेयर है। केंद्र सरकार से मिले बुंदेलखंड पैकेज का 99 प्रतिशत उपयोग एमपी सरकार ने किया है जबकि यूपी में काम शुरू भी नहीं हुए हैं।
'किसानों को दिया 4400 करोड़ का मुआवजा'
शिवराज ने कहा कि एमपी में कृषि ऋण ब्याज मुक्त दिया जाता है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 68 प्रतिशत किसानों को शामिल कर 4400 करोड़ रुपये का मुआवजा दिलाया गया है।
यूपी में कृषि उपज को समर्थन मूल्य पर खरीदने का ठिकाना तक नहीं है। किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है, जबकि एमपी में किसानों को फ्लैट रेट पर बिजली दी जा रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में वहां 2 लाख 90 हजार आवास स्वीकृत हुए हैं, जबकि यूपी में केवल 27 हजार, शहरी आवास योजना में 1 लाख 47 हजार आवास एमपी में स्वीकृत हुए हैं जबकि यूपी में 20 हजार, एमपी में 41 शहर खुले में शौचमुक्त घोषित किए हैं, जबकि यूपी में एक भी नहीं हुआ। अमृत योजना में एमपी में 2600 करोड़ के काम शुरू हुए जबकि यूपी में केवल 600 करोड़ रुपये के काम शुरू हुए।
'एमपी को डकैतों से मुक्त कराया और नक्सलवाद खत्म किया'
शिवपाल ने कहा कि उनकी सरकार ने ग्वालियर, भिंड, मुरैना सहित अन्य क्षेत्रों को डकैतों से मुक्त कराया है। नक्सलवाद को समाप्त करने के साथ ही सिमी के नेटवर्क को खत्म किया गया है।
उन्होंने जनता से भाजपा प्रत्याशियों को जिताने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर लोक कल्याण संकल्प पत्र को शत प्रतिशत लागू किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव, मीडिया प्रभारी हरिश्चंद्र श्रीवास्तव भी मौजूद थे।
...इसलिए एमपी में अपराध के आंकड़े अधिक
एमपी में अपराध अधिक होने के सवाल पर शिवराज ने कहा कि वहां ऑनलाइन एफआईआर दर्ज की जाती है। हर शिकायत पर पुलिस मुकदमा दर्ज करती है, इसलिए आंकड़े अधिक हो सकते हैं। वहीं यूपी में अपराध अधिक होते हैं, लेकिन पीड़ित का मुकदमा दर्ज ही नहीं होता।