राजनाथ की चुटकी, 'हमेशा मोहब्बत की तलवार चलाई है मैंने'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय गृहमंत्री एवं लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि हर व्यक्ति के सारे काम तो कोई भी नहीं करा सकता, लेकिन कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों के काम हो जाएं। कोशिश है कि सांसद के रूप में लखनऊ के विकास में भी मेरा योगदान हो, कार्यकर्ताओं के साथ और यहां के लोगों से भी सतत संवाद होता रहे।
कोशिश यह भी है कि सांसद के रूप में लोगों की सारी कसौटी और अपेक्षाओं पर सफल रहूं। सांसद निधि के अलावा भी केंद्र सरकार या अन्य संस्थाओं से धन लाकर लखनऊ के लोगों की सेवा पर खर्च करूं।
सिंह शनिवार को यहां रिवर बैंक स्थित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के कार्यालय में कार्यकर्ता और जनता से संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा, लखनऊ की आउटर रिंग रोड की डीपीआर बनाने का काम शुरू हो गया है। जल्द ही इस पर काम भी शुरू हो जाएगा।
एक साल में मेरा प्रयास रहा है कि लखनऊ के विकास के साथ लोगों की निजी समस्याओं के समाधान में भी सहायक बनूं। समस्या इलाज की रही हो या अन्य कोई, मैंने पूरी कोशिश की कि संबंधित व्यक्ति की मदद हो जाए। ऐसा आगे भी करते रहेंगे। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने एक चुटकी ली जो चर्चा मे रही और इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं।
युवकों को दिलाई जा रही कौशल विकास की ट्रेनिंग
राजनाथ सिंह ने कहा, हम लखनऊ के गरीब परिवारों के बेरोजगार बच्चों को रोजगार मुहैया कराने पर ध्यान दे रहे हैं। फिलहाल 50 युवकों को कौशल विकास की ट्रेनिंग दिलाई जा रही है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद इन्हें रोजगार मिल जाएगा।
लखनऊ के गरीब परिवारों को गंभीर बीमारियों में मुफ्त इलाज की सुविधा मुहैया कराने के लिए एक फाउंडेशन से बातचीत हो गई है। फाउंडेशन ने किडनी और हृदय की गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मदद पर सहमति दी है। इससे इन बीमारियों में भी गरीबों का मुफ्त इलाज हो सकेगा।
कार्यक्रम को पूर्व विधायक विद्यासागर गुप्त, राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, नगर अध्यक्ष मनोहर सिंह, आयोजक पार्षद रजनीश गुप्ता, महामंत्री मुकेश शर्मा, अनुराग मिश्र और पार्टी के वरिष्ठ नेता रमेश तूफानी ने भी संबोधित किया। इससे पहले कार्यकर्ताओं और अन्य वरिष्ठ लोगों ने राजनाथ को फूल-माला और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया।
विकास के मुद्दे पर घुमा फिराकर दिया जवाब
राजनाथ सिंह ने कहा, काम कम हुआ या ज्यादा, इस पर तो बहस हो सकती है, पर यह कोई नहीं कह सकता कि काम नहीं हो रहे हैं। मेरे सामने जो भी समस्याएं आती हैं, वह उनके समाधान और अपेक्षाओं को पूरा करने पर निरंतर ध्यान रखता हूं। प्रयास करना मेरे हाथ में है लेकिन परिणाम तो ईश्वर ही तय करता है।
दुनिया में भारत की ख्याति बढ़ाई है
सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के अन्य कामकाज को लेकर भले ही टीका-टिप्पणी की जाए, पर इस बात को अब विरोधी भी स्वीकार करने लगे हैं कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने दुनिया में भारत की ख्याति बढ़ाई है। देश के स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं किया गया है।
हमेशा मोहब्बत की तलवार चलाई
केंद्रीय गृहमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा, लोग मुझे भले ही तलवार भेंट करते हों लेकिन मैंने जीवन में कभी तलवार का प्रयोग नहीं किया। हमने हमेशा मोहब्बत को ही तलवार समझा और उसी को चलाया। राजनाथ की इस चुटकी की कार्यक्रम में काफी चर्चा रही। लोगों ने कहा कि उन्होंने परदे के पीछे से विरोध करने वाले लोगों पर निशाना साधा है।