बहराइचः दरगाह मेले में हिस्ट्रीशीटर ने झोंका फायर, बालिका के पैर में लगी गोली, मची भगदड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बहराइच में सैयद सालार मसूद गाजी की दरगाह पर लगे जेठ मेले में रविवार को पहली चौथी के मौके पर काफी भीड़भाड़ थी। मेले में दरगाह के कर्मचारी दुकानदारों से टैक्स वसूलने के लिए निकले थे। इसी दौरान एक दुकानदार से रसीद काटने के बाद रुपये मांगे, तो उसने विवाद शुरू कर दिया।
तभी फोन कर उसने एक हिस्ट्रीशीटर दोस्त को बुला लिया। मौके पर पहुंचे हिस्ट्रीशीटर ने दरगाह कर्मचारियों पर तमंचे से फायर झोंक दिया। इसी दौरान पास में ही बैठकर परिवारीजनों के साथ खाना खा रही गोरखपुर निवासी एक बालिका के पैर में गोली लग गई।
फायर की आवाज सुनते ही पूरे मेला परिसर में भगदड़ मच गई। यह देख जायरीन ने दौड़ाकर हिस्ट्रीशीटर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने घायल बालिका व बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
सैयद सालार मसूद गाजी की दरगाह पर लगे जेठ मेले की रविवार को पहली चौथी होने के कारण मेले में दूरदराज के जनपदों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे। दरगाह मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें भी सजीं हुई हैं। इन दुकानों से दरगाह मेला प्रशासन की ओर से टैक्स वसूल किया जाता है।
कमाल पर केस दर्ज
टैक्स वसूल करने के लिए दोपहर में दरगाह के कर्मचारी रसीद लेकर निकले थे। इसी दौरान मेला परिसर में चटाई की दुकान लगाने वाले एक दुकानदार से रुपये मांगे तो विवाद होने लगा। इस पर दुकानदार ने फोन कर अपने एक दोस्त को बुला लिया।
इसके बाद दरगाह निवासी कमाल अहमद ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों से बदसलूकी शुरू कर दी। कर्मचारियों के विरोध करने पर कमाल अहमद ने तमंचे से उन पर फायर झोंक दिया। कर्मचारियों के किनारे हटने से गोली गोरखपुर जनपद से जियारत करने आए मनोज कुमार की बेटी काजल (12) के पैर में जा लगी, जिससे वह गिरकर तड़पने लगी। अपर पुलिस अधीक्षक अजय ने बताया कि कमाल पर केस दर्ज कर लिया गया है।