ठंड से बचने के लिए ध्यान रखें ये पांच जरूरी बातें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ठंड बढ़ने के साथ ही अस्पतालों में हृदय रोग के मरीज पहुंचने लगे हैं। सिविल, बलरामपुर और लोहिया अस्पताल में हृदय रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
हृदय रोग विशेषज्ञों का मानना है कि ठंड के समय बरती गई लापरवाही और खानपान में असंतुलन परेशानी का प्रमुख कारण है। हालात को भांपते हुए राजधानी के सरकारी अस्पतालों ने हृदय रोगियों के इलाज के लिए पूरी व्यवस्था कर ली है।
लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में छह बेड का स्पेशल कार्डियक वार्ड बनाया गया है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओंकार यादव ने बताया कि लोहिया संस्थान की मदद से छह बेड की यूनिट को चलाया जा रहा है जिससे हृदय रोगियों को इमरजेंसी ट्रीटमेंट दिया जा सके।
सिविल अस्पताल में 25 बेड की कार्डियक यूनिट में मरीजों की भीड़ देखते हुए आईसीयू यूनिट को भी अपडेट कर लिया गया है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष दुबे ने बताया कि कार्डियक वार्ड को जरूरी मशीनें और कार्डियक मॉनीटर उपलब्ध कराए गए हैं।
बलरामपुर अस्पताल में भी 20 बेड की कार्डियक और 12 बेड की आईसीसीयू यूनिट तैयार हैं। आईसीसीयू यूनिट में ईसीजी समेत कई नई मशीनों की खरीदारी कर ली गई है।
स्वस्थ्य रहने के लिए पांच जरूरी बातें
सिविल अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश श्रीवास्तव बताते हैं कि हृदय रोगियों का बढ़िया इलाज ठंड से बचाव है।
शरीर को ठंड लगने पर रक्तचाप तेजी से बढ़ता है। रक्तचाप नियंत्रित रहेगा तो बड़ी परेशानी से बचा जा सकता है। कई बार ठंड के चलते धमनियों में खून का थक्का जमा हो जाता है जिसकी वजह से सीने में दर्द की शिकायत होती है।
ऐसी स्थिति से बचने के लिए शरीर के तापमान का विशेष ख्याल रखना चाहिए जिससे दिल का दौरा पड़ने जैसी समस्या न हो। बलरामपुर अस्पताल के पूर्व निदेशक डॉ. टीपी सिंह बताते हैं कि हृदय रोगियों को ठंड में गुनगुने पानी से नहाना चाहिए।
इन बातों का रखें खयाल
•खानपान सुधारें : चिकना खाद्य पदार्थ खाने से बचें। फैटी प्रोडक्ट का सेवन कम कर दें।
•तनाव कम करें : योगा और मेडिटेशन करें। तेज हवा में टहलने से बचें, गर्म कपड़े में निकलें।
•गुस्सा न करें : गुस्सा से बचें। गुस्सा करने से अचानक तेज दर्द हो सकता है।
•नियमित दवा लें : हृदय रोगी उन दवाओं का सेवन नियमित करें जो चिकित्सक ने सुझाई है।
•डॉक्टर से मिलें : हृदय रोगी एक सप्ताह के भीतर अपने चिकित्सक से जांच कराएं।