देश के खराब हालात संभालने के लिए मुलायम के नेतृत्व की जरूरत: पूर्व प्रधानमंत्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने देश के हालात, खासकर कश्मीर की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, जिस तरह सांप्रदायिक शक्तियां आज फन उठा रही हैं, उससे लड़ने के लिए सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में लड़ाई लड़नी होगी।
देवेगौड़ा ने कहा कि यूपी में ही नहीं देश में इकट्ठा होकर मुलायम के नेतृत्व में सांप्रदायिक शक्तियों से लड़ाई लड़नी है। धर्मनिरपेक्ष ताकतें इकट्ठा होकर सांप्रदायिक ताकतों से लड़ेंगी। जब मैं प्रधानमंत्री था, तब मुलायम रक्षा मंत्री थे।
साढ़े दस महीने के कार्यकाल में जम्मू-कश्मीर में एक भी दिन धारा 144 लगाने की नौबत नहीं आई। लेकिन 288 सांसद वाली पार्टी भाजपा के राज में क्या हो रहा है?
'संयुक्त मोर्चा की सरकार में देश में एक भी दंगा नहीं हुआ'
पिछले पांच महीने से जम्मू-कश्मीर के क्या हालात हो गए हैं? संयुक्त मोर्चा सरकार में देश की सीमा पर कोई बवाल नहीं हुआ, कोई सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ।
आज एक देश-एक कानून, समान नागरिक संहिता की बात की जा रही है। क्या यह देश में संभव है? सांप्रदायिक शक्तियां देश को बांटकर अपना काम बनाना चाहती हैं।
उन्होंने कहा, मुलायम सिंह यादव आगे बढ़ें और देश के सभी धर्मनिरपेक्ष दलों, क्षेत्रीय दलों को इकट्ठा कर सांप्रदायिक शक्तियों को उखाड़ फेंकने का एलान करें। 2017 का यूपी का चुनाव देश की राजनीति की दिशा तय करेगा।
1997 में जहां गाड़ी छूटी थी...उसे फिर पकड़नी है
देवेगौड़ा ने कहा, मेरे कुर्सी छोड़ने के बाद नेताजी को बैठना था। पर, वह गाड़ी पीछे छूट गई। 1997 में गाड़ी जहां से छूटी थी, उसे फिर पकड़नी है। सांप्रदायिक शक्तियों को उखाड़ फेंकने के लिए मुलायम की देश को जरूरत है।
सपा कार्यकर्ताओं से कहा, आज जिस तरह सपा परिवार को एकजुट देख रहे हैं, उससे आभास है कि विधानसभा चुनाव में सपा का फिर परचम लहराएगा।
अखिलेश व शिवपाल को आशीर्वाद दें कि दोनों मिलकर परचम लहराएं। उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश के कामकाज की सराहना की और चुनाव जीतने के लिए आशीर्वाद भी दिया।