पटरी से उतरी मालगाड़ी, तीन घंटे तक बाधित रहा दिल्ली रूट, फंसी रहीं ये ट्रेनें
आलमनगर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार शाम मालगाड़ी पटरी से उतर गई। इससे तीन घंटे से अधिक लखनऊ-दिल्ली रूट बाधित रहा। ट्रेनों को उतरेठिया से रहीमाबाद तक रोका गया। इसके कारण गंगा सतलज एक्सप्रेस सहित दो दर्जन से अधिक ट्रेनों के यात्री चारबाग स्टेशन पर फंसे रहे।
उत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक सहित अन्य अफसरों ने घटना स्थल का जायजा लिया और क्षतिग्रस्त ट्रैक को सही कराने का कार्य शुरू कराया, लेकिन रात नौ बजे तक यह कार्य पूरा नहीं हो सका था। हालांकि शाम 7:15 बजे से लखनऊ-दिल्ली रूट पर ट्रेनों का संचालन एक तरफ से शुरू कराया गया।
रेल अफसरों के मुताबिक, यह मालगाड़ी मुरादाबाद से लखनऊ आ रही थी, जिसके दो वैगन मंगलवार शाम 4:05 बजे पटरी से उस समय उतर गए जब वह यार्ड की तरफ जा रही थी। इस सूचना के बाद ट्रेनों का संचालन जहां का तहां रोक दिया गया।
मौके पर पहुंची मेंटेनेंस टीम ने बाधित अप्वाइंटमेंट ट्रैक के व्यवधान को दूर करने का कार्य शुरू किया। करीब तीन घंटे के बाद ट्रैक को क्लियर कर पाए, लेकिन ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से शुरू नहीं हो पाया। रेलवे ने इस मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
ऐसे बहाल हुआ संचालन
आलमनगर आरपीएफ चौकी इंचार्ज सत्यप्रकाश ने बताया कि शाम सात बजे से अप ट्रैक से डाउन ट्रैक को आने वाली ट्रेन व डाउन ट्रैक से आने वाली ट्रेनों को अप ट्रैक से निकालने का सिलसिला शुरू हुआ। इस तरह से ट्रैक पर ट्रेन का संचालन बहाल हुआ। सबसे पहले धनबाद से चलकर फिरोजपुर जाने वाली गंगा सतलज ट्रेन चारबाग से चलकर आलमनगर स्टेशन से गुजरी।
रेलवे के मुताबिक, सुल्तानपुुर व अयोध्या की आने वाली और हरदोई से आने वाली ट्रेनों को बीच के स्टेशनों पर रोका गया। इनमें प्रमुख रूप से अर्चना एक्सप्रेस, पंजाब मेल, जलियावाला बाग एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, अवध आसाम एक्सप्रेस, बेगमपुरा एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस निहालगढ़, हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस, राज्यरानी एक्सप्रेस आदि शामिल रहीं।