फेसबुक पर आजम खां की 'फर्जी' पोस्ट, मुकदमा दर्ज
फेसबुक पर प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां के नाम से फर्जी पोस्ट डालने का मामला सामने आया है। आजम के मीडिया प्रभारी ने बरेली निवासी विक्की खान के खिलाफ गंज कोतवाली में इस मामले में मुकदमा दर्ज करवाया है।
मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू ने गंज कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया है कि फेसबुक पर बरेली निवासी विक्की खान के नाम से एक एकाउंट है। इस एकाउंट में प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां के नाम से कुछ फर्जी पोस्ट डाली गई हैं।
आजम के नाम से कर दी आपत्तिजनक पोस्ट
पोस्ट में उनका फोटो भी लगाया है और उसके नीचे आजम खां का नाम लिखा गया है। पोस्ट में धार्मिक उन्माद पैदा करने और सांप्रदायिकता को बढ़ाने वाली बात कही गई हैं। आजम खां ने इस तरह की बात कभी नहीं कही है। उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। रामपुर एसपी साधना गोस्वामी ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ये पोस्ट कहां से की गई है।
नगर विकास मंत्री आजम खां का कहना है कि सोशल मीडिया पर मेरी छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। इस तरह की बात मेरे हवाले कही जा रही है, जिसके बारे में मैं सोच भी नहीं सकता। यह मेरे खिलाफ साजिश है। ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार और कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।