स्टीव वॉ को ब्रांड एम्बेसडर बना हड़पी रकम, हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टाउनशिप में चार साल पहले निवेश करने वाले निवेशकों ने रिटर्न नहीं मिलने पर बुधवार शाम श्रीइंफ्राटेक के लालबाग स्थित दफ्तर में जमकर हंगामा किया।
निवेशकों का आरोप है कि क्रिकेट काउंटी के नाम से प्रोजेक्ट लॉन्च करने वाली कंपनी ने स्टीव वॉ को अपना ब्रांड एम्बेसडर बनाकर उनकी रकम मार दी। कंपनी ने 17 लाख रुपये जमा करने पर चार साल बाद 26 लाख रुपये देने का वादा किया गया था।
समय पूरा होने पर कंपनी निदेशक न तो रुपये वापस कर रहा है और न ही रिटर्न। आरोप है कि निदेशक ने करीब 200 लोगों के करोड़ों रुपये हजम कर लिये हैं। श्रीइंफ्रोटेक ने मोहनलालगंज में चार साल पहले टाउनशिप लॉन्च की थी।
निवेशक शिव शर्मा का कहना है कि दो साल पहले उनके निवेश की मेच्योरिटी पूरी हो चुकी है।इसके बाद भी उनका पैसा कंपनी वापस नहीं कर रही है। उन्हें अपना पैसा वापस लेने के लिए जो चेक दिए गए, वह बाउंस हो चुके हैं। करीब 200 आवंटियों के साथ कंपनी ने ऐसा किया है। कंपनी ने जो चेक दिए वह या तो निष्क्रिय बैंक खातों के निकले या फिर उन खातों में पैसा ही नहीं है।
निदेशक कांग्रेस से मांग रहे टिकट
कंपनी ने अपना प्रोजेक्ट क्रिकेट काउंटी के नाम से प्रपोज किया। इसका ब्रांड एम्बेसडर भी स्टीव वॉ को बनाया था। ऐसे में निवेशक आकर्षित हो गए। सबकुछ अच्छा दिखे, इसके लिए 100 रुपये के नोटरी स्टांप पर अनुबंध की शर्त भी लिखकर दी गईं।
पैसा निवेश होने के बाद अब निदेशक वापस नहीं कर रहे। चेक भी बाउंस हो चुके हैं। कंपनी के निदेशकों में मनोज द्विवेदी, ऋषि अरोड़ा, उमेश आजाद, शरद केसरवानी हैं।
इनमें मनोज द्विवेदी अपनी पत्नी के लिए रायबरेली जनपद की हरचंदपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस-सपा गठबंधन से टिकट भी मांग रहे हैं। इस फ्रॉड पर मनोज द्विवेदी से बात भी करने की कोशिश की गई। हालांकि, उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।