VIDEO: खादी उत्सव में भयंकर आग, मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी के चारबाग स्थित बाल संग्रहालय में चल रहे खादी उत्सव की सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल अंतिम दिन खुल गई। स्टॉलों के पीछे पड़ी सूखी घास में लगी आग कुछ ही मिनटों में भयंकर लपटों में तब्दील हो गई।
बदइंतजामी के चलते आग पर काबू पाने में अधिकारियों के पसीने छूट गए। फायर बिग्रेड की गाड़ी करीब आधे घण्टे बाद मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
दरअसल, रविवार सुबह खादी उत्सव समापन समारोह की तैयारियां चल रही थीं। मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री अभिषेक मिश्र शामिल होने आ आए। साथ ही खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री नारद राय सहित कई पदाधिकारी भी शामिल रहे।
कार्यक्रम शुरू होने से कुछ मिनट पूर्व ही सांस्कृतिक पंडाल के दायीं ओर स्थित आर.आर लेदर स्टॉल के पीछे पड़ी सूखी घास में आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में आसपास के दुकानदारों ने अपने स्टॉलों को समेटना शुरू कर दिया। उधर आग भड़कते हुए लपटों में बदल गई। ऊपर उठते धुंए को देखकर भीड़ इकट्ठी होनी शुरू हो गई।
'ऐसी जगहों पर बैन की जाए सिगरेट'
खादी उत्सव में सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमी के चलते आग बुझाने के लिए रवीन्द्रालय से बाल्टियों में पानी लाना पड़ा। फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी तकरीबन आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। इसके बाद पूरी तरह से आग पर काबू पाया जा सका।
प्रदर्शनी के आला अधिकारियों ने इस बात से इनकार किया कि आग जानबूझकर लगाई गई है। बीड़ी या सिगरेट के टुकड़े से आग लगी है। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि खादी उत्सव में खुले पड़े बिजली के तारों की शिकायती कई मर्तबे की, पर उसे ठीक नहीं किया गया।
लखनऊ में ऐसी घटनाएं अक्सर ही सामने आती हैं, फिर भी संबंधित विभाग व जिम्मेदार अफसरों के कानों में जूं नहीं रेंगती। वहां मौजूद लोगों ने कहा कि यह लखनऊ प्रशासन के लिए सबक भी है, ताकि जल्द ही शुरू होने वाले लखनऊ महोत्सव में ऐसी गलती न हो जाए।
घटना के वक्त वहां मौजूद एक युवक ने बताया कि लोग स्टॉल के पीछे जाकर सिगरेट और बीड़ी पी रहे थे, जिसकी वजह से ये हादसा हुआ है। ऐसी जगहों पर सिगरेट व बीड़ी पर प्रतिबंध लगना चाहिए।
यहां देखें इस घटना का वीडियो