UP: बैंक व केंद्रीय कार्यालयों में लटके ताले, हड़ताल का मिलाजुला असर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुरानी पेंशन व्यवस्था को फिर से लागू करने समेत अन्य मांगों को लेकर केंद्रीय श्रम संगठनों, औद्योगिक फेडरेशन और कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर शुक्रवार को हुई एक दिवसीय हड़ताल का सूबे में स्थित केंद्र सरकार के दफ्तरों में व्यापक असर रहा।
राष्ट्रीयकृत बैंकों, डाकघरों व बीमा कंपनियों के अधिकांश दफ्तरों में ताले लटके रहे। उधर राज्य सरकार के कार्यालयों में हड़ताल का आंशिक असर दिखाई दिया। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद से संबद्ध कर्मचारी संगठनों की घोषणा के मुताबिक लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, वाणिज्यकर, पंचायतीराज, राजस्व परिषद, प्राविधिक शिक्षा समेत अन्य विभागों के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर अपना विरोध जताया।
दरअसल पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने व सातवें वेतन आयोग की संस्तुतियों की विसंगतियों को दूर करने समेत 15 सूत्री मांगों को लेकर केंद्रीय कर्मचारी संगठनों ने एक दिवसीय हड़ताल को राज्य कर्मियों ने भी समर्थन देने की घोषणा की थी।
राज्य सरकार के कुछ दफ्तरों में मिलाजुला असर
इसके तहत राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने हड़ताल में शिरकत किया। जिससे राज्य सरकार के कुछ दफ्तरों में इसका मिलाजुला असर देखने को मिला।
हालांकि परिषद का दावा है कि कर्मचारियों के हड़ताल का प्रदेश भर के दफ्तरों में व्यापक असर रहा। इंदिरा भवन और जवाहर भवन स्थित कई विभागों के कर्मचारियों ने सभा करके हड़ताल का समर्थन किया। इस वजह से कुछ देर के लिए इन दफ्तरों में कामकाज प्रभावित रहा।
हड़ताल में शामिल होने की घोषणा के बावजूद सरकारी निगमों, प्राधिकरणों व उपक्रमों के कर्मचारी हड़ताल में नहीं दिखे। सभी प्रमुख निगम कार्यालयों में कामकाज सामान्य रहा।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार लोक निर्माण विभाग मुख्यालय में स्थित डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन पर एकत्र होकर कर्मचारी जुलूस की शक्ल में हजरतगंज चौराहे के पास इलाहाबाद बैंक परिसर पहुंचे, और बैंक कर्मचारी संगठनों की सभा में शामिल हुए।
इन विभागों ने किया विरोध
कार्य बहिष्कार करने वालों में कृषि, उद्यान, लोनिवि, सिंचाई, आवास विकास परिषद, पंचायतीराज, मंडी परिषद, खाद्य प्रसंस्करण, राजस्व, समाज कल्याण, शिक्षा, वाणिज्य कर, बाल विकास एवं पुष्टाहार, चिकित्सा शिक्षा समेत अन्य विभागों के कर्मचारी शामिल थे।
इसके अलावा सेंटर ऑफ ट्रेड यूनियन, यूपी एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन, और प्रांतीय बाल विकास परियोजना अधिकारी कल्याण एसोसिएशन समेत कई सगंठनों ने भी हड़ताल के समर्थन में जुलूस निकालकर विरोध जताया।
सिर्फ चेहरा दिखाकर गायब हो गए नेता
हड़ताल को सफल बनाने का दावा करने वाले कई संगठनों के प्रमुख नेता इलाहाबाद बैंक परिसर में हो रही सभा में सिर्फ चेहरा दिखाकर गायब हो गए। इसकी जानकारी तब हुई जब कर्मचारी संगठनों के नेताओं द्वारा राज्य कर्मचारी के संगठनों के पदाधिकारियों को संबोधन के लिए बुलाया गया। इसका नतीजा यह रहा कि जुलूस की शक्ल में पहुंचने वाले कर्मचारी भी वहां से धीरे-धीरे निकल लिए।