अब आप घर बैठे ही पुलिस थाने में करा सकेंगे रिपोर्ट दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सूबे का पहला ‘ई-पुलिस थाना’ लखनऊ में शुरू हो गया है। यह थाना राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो महानगर लखनऊ में खोला गया है। इसके कार्य का दायरा पूरा प्रदेश होगा।
पहले चरण में इसमें केवल वही एफआईआर दर्ज होंगी, जिनमें अभियुक्त अज्ञात हो तथा अपराध गंभीर प्रवृत्ति का न हो। हत्या, डकैती, फिरौती एवं अपहरण, दहेज हत्या, बलात्कार, बैंक लूट, बस लूट/डकैती, सांप्रदायिक दंगे एवं झगड़े जैसे गंभीर अपराधों की रिपोर्ट इसमें दर्ज नहीं होगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस की वेबसाइट पर जाकर ई-थाने में एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है। अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी शाखा आरके विश्वकर्मा ने बताया कि इसकी अधिसूचना 24 मई को ही जारी कर दी गई थी।
अभी तक इसका परीक्षण कार्य चल रहा है। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि इस सुविधा में अगर किसी भी प्रकार का सुधार चाहते हैं, तो सुझाव भी दे सकते हैं।
पर्यटकों को भी होगी सुविधा
उन्होंने बताया कि राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो के पुलिस अधीक्षक को ई-पुलिस स्टेशन का प्रभारी बनाया गया है। पुलिस महानिरीक्षक, कानून-व्यवस्था को इसकी निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।
तकनीकी सहयोग तकनीकी मुख्यालय उपलब्ध कराएगा। ई-पुलिस स्टेशन में दर्ज होने वाले मुकदमों की जांच संबंधित पुलिस स्टेशन से कराई जाएगी। ई-एफआईआर पर अंकित मुकदमा अपराध संख्या को ही जीडी में दर्ज करते हुए विवेचना की जाएगी।
विश्वकर्मा ने बताया कि ई-पुलिस स्टेशन का उद्देश्य नागरिकों को बिना पुलिस स्टेशन पर गए अज्ञात एवं गैर संगीन अपराधों में रिपोर्ट दर्ज कराने की सुविधा प्रदान करना है। बच्चों के गुम होने जैसे मामलों की एफआईआर भी इसमें दर्ज की जा सकेगी। पर्यटकों को भी इससे सुविधा होगी।